Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
पटौदी। जिला स्तरीय 77वें वन महोत्सव के तहत गुरुवार को पटौदी के सूरज स्कूल में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत वृक्षारोपण और पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में स्कूल परिसर में 500 पौधे लगाए गए, जबकि 100 पौधे विद्यार्थियों को घर और आसपास लगाने के लिए वितरित किए गए।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में हेलीमंडी के रेंजर ऑफिसर राकेश कुमार और बिलासपुर के ब्लॉक फॉरेस्ट ऑफिसर अनिल कुमार मौजूद रहे। स्कूल पहुंचने पर डायरेक्टर डॉ. पुष्पा, प्राचार्य संगीता, एडमिन हेड डॉ. ऊषा रानी और स्कूल स्टाफ ने उनका स्वागत किया।
कार्यक्रम के दौरान करीब 200 विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण को लेकर जागरूकता रैली निकाली। बच्चों ने लोगों को पेड़ लगाने और उनकी देखभाल करने का संदेश दिया। इसके अलावा विद्यार्थियों ने ‘पेड़ बचाओ, धरती को स्वर्ग बनाओ’ विषय पर लघु नाटक प्रस्तुत कर पेड़ों के महत्व को प्रभावशाली ढंग से दिखाया।
स्कूल में ‘Green Earth, Clean Earth’ थीम पर पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता भी कराई गई। प्रतियोगिता में इनाया, शाम्भवी और कनिष्क ने पहला स्थान हासिल किया। वहीं जोयल, रुचि और आरव दूसरे स्थान पर रहे। विजेता विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।
रेंजर ऑफिसर राकेश कुमार ने कहा कि पर्यावरण को बचाने के लिए हर व्यक्ति को कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी जिम्मेदारी से देखभाल करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पेड़ सिर्फ ऑक्सीजन ही नहीं देते, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के बेहतर भविष्य की भी नींव रखते हैं।
ब्लॉक फॉरेस्ट ऑफिसर अनिल कुमार ने विद्यार्थियों से अपील की कि वे अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी पौधारोपण के लिए प्रेरित करें और लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करें।
स्कूल की डायरेक्टर डॉ. पुष्पा, प्राचार्य संगीता और एडमिन हेड डॉ. ऊषा रानी ने विद्यार्थियों को संकल्प दिलाया कि वे अपने जन्मदिन, माता-पिता के जन्मदिन या किसी खास मौके पर एक पौधा जरूर लगाएं और उसे बड़ा होने तक सुरक्षित रखें।
कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण, अधिक से अधिक वृक्षारोपण और पौधों की सुरक्षा का सामूहिक संकल्प लिया।




