Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeeep Narula
Author: Pardeeep Narula
गुरुग्राम के सेक्टर-10 स्थित एलपाइन स्कूल के पास बुधवार देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई जब दो पक्षों के बीच विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। विवाद के दौरान फायरिंग हुई, जिसमें एक युवक के पैर में गोली लग गई। वहीं मौके पर खड़ी दो गाड़ियों को भी नुकसान पहुंचाया गया।

घायल की पहचान गाडौली निवासी 29 वर्षीय सिकंदर के रूप में हुई है। उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार फिलहाल उसका बयान दर्ज नहीं किया गया है। डॉक्टरों से फिटनेस मिलने के बाद उससे पूछताछ की जाएगी।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से पैसों के लेनदेन को लेकर तनातनी चल रही थी। चर्चा है कि मामला अवैध सट्टेबाजी से जुड़े हिसाब-किताब का है। बुधवार रात इसी संबंध में बातचीत के लिए दोनों पक्ष एक जगह एकत्र हुए थे। बैठक के बाद विवाद बढ़ गया और देखते ही देखते मारपीट, तोड़फोड़ और फायरिंग तक मामला पहुंच गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एक पक्ष ने मौके से निकलने से पहले गाड़ियों को निशाना बनाया। इसी दौरान गोली चलने की घटना हुई, जिसमें सिकंदर घायल हो गया। घटना के बाद दोनों पक्ष मौके से फरार हो गए।
सूचना मिलने पर पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी वहां से जा चुके थे। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें बनाई हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि घटना में शामिल लोगों तक पहुंचा जा सके।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। फायरिंग और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।




