Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम: एसआईआर प्रक्रिया में लापरवाही पर 10 बीएलओ के खिलाफ एफआईआर के निर्देश
सोहना विधानसभा क्षेत्र में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) 2026 अभियान के दौरान लापरवाही बरतने वाले 10 बीएलओ के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं।

सोहना विधानसभा के निर्वाचन पंजीयन अधिकारी और एसडीएम अखिलेश यादव ने थाना प्रबंधक, सोहना को पत्र जारी कर संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा है। ये कर्मचारी अलग-अलग विभागों से बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) के रूप में नियुक्त किए गए थे।
आरोप है कि कुछ कर्मचारियों ने चुनावी कार्यभार संभालने से इनकार कर दिया, जबकि कुछ निर्धारित समय पर निर्वाचन कार्यालय में उपस्थित नहीं हुए। प्रशासन ने इसे एसआईआर प्रक्रिया में बाधा डालने वाली गंभीर लापरवाही माना है।
एसडीएम अखिलेश यादव ने कहा कि चुनावी कार्य लोकतांत्रिक व्यवस्था की नींव हैं और इनमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि चुनाव से जुड़े सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की जिम्मेदारी है कि वे अपने दायित्व समय पर और पूरी ईमानदारी से निभाएं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्वाचन कार्यों में आदेशों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि मतदाता सूची पुनरीक्षण का काम निष्पक्ष और सुचारू रूप से पूरा हो सके।




