गुरुग्राम में प्रदूषण रोकने के लिए पार्षदों को मिली जिम्मेदारी, वार्डों में रखनी होगी नजर
गुरुग्राम, 27 नवंबर। शहर में बढ़ते वायु प्रदूषण पर लगाम लगाने के लिए नगर निगम गुरुग्राम ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। निगमायुक्त डॉ. पंकज ने सभी पार्षदों से अपने-अपने वार्डों में प्रदूषण नियंत्रण से जुड़े कामों पर खुद नजर रखने और लोगों को भी इस मुहिम से जोड़ने की अपील की है। उन्होंने खास तौर पर सड़कों की सफाई, धूल-मिट्टी हटाने और खुले में कूड़ा जलाने की घटनाओं को रोकने पर जोर दिया है।

निगमायुक्त ने पार्षदों से कहा कि वे अपने वार्डों में सड़कों की डीप क्लीनिंग पर विशेष ध्यान दें। सड़कों के किनारे जमा मिट्टी, धूल और कचरे को नियमित रूप से साफ करवाया जाए, ताकि वाहनों की आवाजाही के दौरान धूल हवा में न उड़े। इसके लिए सफाई कर्मचारियों के काम की निगरानी भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि केवल सफाई अभियान चलाना काफी नहीं है, बल्कि यह भी देखना होगा कि सफाई नियमित रूप से हो रही है या नहीं।
उन्होंने कूड़ा-कचरा जलाने की घटनाओं को रोकने के लिए भी पार्षदों से सक्रिय रहने को कहा। वार्ड में कहीं भी खुले में कचरा, प्लास्टिक या अन्य अपशिष्ट जलता दिखाई दे तो तुरंत संबंधित अधिकारियों को इसकी जानकारी दी जाए, ताकि मौके पर कार्रवाई की जा सके। निगमायुक्त का कहना है कि कचरा जलाने से निकलने वाला धुआं हवा की गुणवत्ता को और खराब करता है। ऐसे में इस तरह की घटनाओं को रोकना बेहद जरूरी है।
ठंड में कचरा जलाने से रोकने के लिए बांटें गर्म कपड़े और कंबल
सर्दी बढ़ने के साथ शहर में कई जगह लोग ठंड से बचने के लिए कूड़ा, प्लास्टिक और लकड़ियां जलाने लगते हैं। इससे निकलने वाला धुआं वायु प्रदूषण को बढ़ाता है और लोगों की सेहत पर भी बुरा असर डालता है। निगमायुक्त डॉ. पंकज ने इस समस्या का एक सामाजिक समाधान भी सुझाया है।
उन्होंने पार्षदों से अपील की कि वे अपने-अपने वार्डों में जरूरतमंद और गरीब लोगों की पहचान करें। इसके बाद सामाजिक संस्थाओं, एनजीओ, आरडब्ल्यूए और अन्य संगठनों की मदद से ऐसे लोगों को गर्म कपड़े और कंबल उपलब्ध करवाने की पहल करें। इससे जरूरतमंदों को सर्दी से राहत मिलेगी और ठंड से बचने के लिए कूड़ा-कचरा जलाने की नौबत भी कम आएगी।
पार्षदों और आरडब्ल्यूए की भागीदारी पर रहेगा जोर
निगमायुक्त ने कहा कि वायु प्रदूषण जैसी समस्या से निपटना सिर्फ नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं है। इसमें जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों की भागीदारी भी उतनी ही जरूरी है। पार्षद अपने वार्डों में सफाई और प्रदूषण नियंत्रण के कामों की नियमित निगरानी करें और लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करें।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्रदूषण नियंत्रण से जुड़े प्रयासों में नगर निगम की ओर से पार्षदों को हर संभव सहयोग दिया जाएगा। साथ ही नागरिकों, आरडब्ल्यूए और सामाजिक संस्थाओं से भी अपील की गई है कि वे कूड़ा न जलाएं, आसपास सफाई रखें और अपने क्षेत्र में प्रदूषण फैलाने वाली गतिविधियों को रोकने में सहयोग करें।
नगर निगम का मानना है कि प्रशासनिक प्रयासों के साथ लोगों की भागीदारी भी जुड़ जाए तो गुरुग्राम में प्रदूषण कम करने की मुहिम को ज्यादा प्रभावी बनाया जा सकता है।
Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula




