Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम, 6 अक्टूबर 2026। सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर हुड़दंग या माहौल खराब करने वालों के खिलाफ गुरुग्राम पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। मानेसर जोन में चलाए गए विशेष चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने सार्वजनिक जगहों पर शराब पीते मिले 84 लोगों के खिलाफ निवारक कानूनी कार्रवाई की।

पुलिस उपायुक्त मानेसर प्रतीक गहलोत (IPS) के निर्देश पर 5 अक्टूबर को मानेसर जोन के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में यह अभियान चलाया गया। पुलिस टीमों ने पार्कों, पार्किंग स्थलों, सड़क किनारे और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर चेकिंग की।
इस दौरान सार्वजनिक जगहों पर शराब का सेवन करते मिले 84 लोगों को पुलिस ने काबू किया। पुलिस के मुताबिक, सार्वजनिक व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए सभी के खिलाफ BNSS की धारा 172(2) के तहत निवारक कार्रवाई की गई।
गुरुग्राम पुलिस ने साफ किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीना, हुड़दंग करना या माहौल खराब करने जैसी गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस ने संबंधित टीमों को ऐसे स्थानों पर लगातार निगरानी रखने और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
पुलिस का कहना है कि आने वाले दिनों में भी इस तरह के चेकिंग अभियान जारी रहेंगे। पुलिस ने लोगों से सार्वजनिक स्थानों पर शराब का सेवन नहीं करने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है




