Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम में 80 चालान वाली बाइक इंपाउंड, 2.60 लाख रुपये का जुर्माना बकाया
गुरुग्राम, 6 अक्टूबर 2026: गुरुग्राम में ट्रैफिक नियमों की अनदेखी करना एक बाइक सवार को भारी पड़ गया। यातायात पुलिस की जांच में मोटरसाइकिल पर 80 चालान लंबित मिले। इन चालानों की कुल जुर्माना राशि करीब 2.60 लाख रुपये है। इसके बाद पुलिस ने मोटरसाइकिल को इंपाउंड कर निर्धारित पार्किंग में खड़ा करा दिया।

गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस की ओर से लंबे समय से लंबित चालानों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत मंगलवार को अग्रसेन चौक के जोनल अधिकारी एएसआई प्रीतम अपनी टीम के साथ वाहनों की जांच कर रहे थे।
इसी दौरान टीम ने एक मोटरसाइकिल को रोककर चालक से वाहन के दस्तावेज मांगे, लेकिन चालक कोई दस्तावेज नहीं दिखा सका। पुलिस ने जब मोटरसाइकिल का रिकॉर्ड चेक किया तो उस पर 80 चालान पेंडिंग मिले।
पुलिस के मुताबिक, इन चालानों में ज्यादातर बिना हेलमेट, बिना प्रदूषण प्रमाण-पत्र और बिना नंबर प्लेट से जुड़े चालान हैं। सभी लंबित चालानों की कुल जुर्माना राशि 2,60,000 रुपये पाई गई।
लंबित चालानों के चलते यातायात पुलिस ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए मोटरसाइकिल को इंपाउंड कर दिया।
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे ट्रैफिक नियमों का पालन करें और अपने वाहन के जरूरी दस्तावेज, जैसे बीमा और प्रदूषण प्रमाण-पत्र, अपडेट रखें। साथ ही पुराने चालानों का समय पर भुगतान करने की भी अपील की गई है।




