Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम में श्रमिकों के लिए मेगा कैंसर जांच अभियान शुरू, मुफ्त होगी स्क्रीनिंग
गुरुग्राम, 23 सितंबर 2026: सिग्नेचर ग्लोबल फाउंडेशन ने गुरुग्राम में अपने अलग-अलग प्रोजेक्ट साइटों पर काम करने वाले श्रमिकों के लिए मेगा कैंसर पूर्व-जांच अभियान शुरू किया है। फाउंडेशन के ‘आरोग्य राइज’ स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत शुरू की गई इस पहल को संकल्प कैंसर केयर फाउंडेशन के साथ मिलकर चलाया जा रहा है।

अभियान के तहत बुधवार को अलग-अलग जगहों पर एक साथ पांच स्वास्थ्य जांच और कैंसर स्क्रीनिंग कैंप लगाए गए। इन शिविरों में श्रमिकों और उनके परिवारों को कई तरह की स्वास्थ्य सेवाएं मुफ्त उपलब्ध कराई जा रही हैं।
संकल्प कैंसर केयर फाउंडेशन की ओर से कैंप से पहले विभिन्न प्रोजेक्ट साइटों पर जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। इनमें लोगों को नियमित स्वास्थ्य जांच और कैंसर की शुरुआती पहचान के महत्व के बारे में बताया गया।
कैंसर समेत कई बीमारियों की होगी जांच: शिविरों में ब्लड प्रेशर, डायबिटीज, ईसीजी और सामान्य स्वास्थ्य जांच की जा रही है। इसके अलावा कैंसर को लेकर जागरूकता भी दी जा रही है।
कैंसर स्क्रीनिंग के तहत पुरुषों में मुंह और प्रोस्टेट कैंसर की जांच और महिलाओं में स्तन कैंसर और सर्वाइकल कैंसर की स्क्रीनिंग की जा रही है। महिलाओं के लिए पैप स्मीयर जांच की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। इसके साथ ही हीमोग्लोबिन और पीएसए समेत जरूरी लैब टेस्ट भी किए जाएंगे।
शिविरों में आंखों की जांच, मुफ्त चश्मे, दवाइयां और सैनिटरी पैड भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
जरूरत पड़ने पर आगे का इलाज भी: अभियान को सिर्फ शुरुआती जांच तक सीमित नहीं रखा गया है। जांच के दौरान किसी व्यक्ति को आगे की चिकित्सा जरूरत होने पर उसे राजीव गांधी कैंसर संस्थान एवं अनुसंधान केंद्र, रोहिणी भेजा जाएगा।
संकल्प कैंसर केयर फाउंडेशन जागरूकता कार्यक्रमों से लेकर जांच और जरूरत पड़ने पर आगे के इलाज के लिए रेफरल तक की प्रक्रिया का प्रबंधन करेगा। इसके लिए फाउंडेशन ने राजीव गांधी कैंसर संस्थान एवं अनुसंधान केंद्र के साथ भी साझेदारी की है।
प्रदीप अग्रवाल बोले, श्रमिकों के स्वास्थ्य का ध्यान रखना जिम्मेदारी: सिग्नेचर ग्लोबल (इंडिया) लिमिटेड के संस्थापक एवं चेयरमैन प्रदीप अग्रवाल ने कहा कि कंपनी के साथ मिलकर काम करने वाले श्रमिक समुदायों के स्वास्थ्य और कल्याण का ध्यान रखना उनकी जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि कैंसर की समय पर पहचान काफी महत्वपूर्ण है और इस पहल के जरिए उन लोगों तक निवारक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है, जिन्हें इसकी जरूरत है। उन्होंने कहा कि कोशिश है कि यह पहल सिर्फ एक दिन की जांच तक सीमित न रहे, बल्कि जरूरत पड़ने पर जांच से लेकर इलाज तक लोगों को मदद मिल सके।
फाउंडेशन की अन्य सामाजिक पहलें भी जारी: सिग्नेचर ग्लोबल फाउंडेशन शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, बुजुर्गों की देखभाल और पर्यावरण के क्षेत्र में भी काम कर रहा है।
फाउंडेशन के मुताबिक, उसके ‘पाठशाला’ कार्यक्रम के जरिए अब तक 95,720 से ज्यादा छात्रों तक पहुंच बनाई गई है। ‘जागरूक बेटी स्वस्थ बेटी’ कार्यक्रम के तहत 20,157 लड़कियों को जोड़ा गया है, जबकि ‘आरोग्य राइज’ मोबाइल हेल्थ सर्विस के जरिए 33,722 से ज्यादा लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई गई हैं।
इसके अलावा ‘टेक उड़ान’ के जरिए 1,695 लोगों को डिजिटल साक्षरता दी गई है। ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत 11,072 पेड़ लगाए गए हैं। फाउंडेशन की ओर से बुजुर्गों की देखभाल और पशु कल्याण के क्षेत्र में भी अलग-अलग संस्थाओं के साथ मिलकर काम किया जा रहा है।




