Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम, 25 सितंबर। ताऊ देवीलाल की 113वीं जयंती के मौके पर शुक्रवार को गुरुग्राम के ताऊ देवीलाल स्टेडियम में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान जननायक जनता पार्टी (JJP) के वरिष्ठ नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने ताऊ देवीलाल को श्रद्धांजलि दी।

कार्यक्रम में राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष डॉ. केसी बांगर, पूर्व विधायक गंगाराम, कर्नल (रिटायर्ड) एसएस राठी, ऋषि राज राणा, दलबीर धनकड़, जिला अध्यक्ष सुरेंद्र ठाकरान, मेघ राज यादव और डॉ. सौरभ गुप्ता समेत कई नेता मौजूद रहे।
दुष्यंत चौटाला ने कहा कि ताऊ देवीलाल का पूरा जीवन संघर्ष, सादगी, किसान हित और जनसेवा के लिए समर्पित रहा। उनके विचार आज भी समाज और राजनीति को दिशा देने का काम करते हैं। उन्होंने कहा कि ताऊ देवीलाल की विरासत को आगे बढ़ाने का मतलब सिर्फ उनकी जयंती मनाना नहीं, बल्कि उनके सिद्धांतों को अपने काम और व्यवहार में उतारना है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से समाज के हर वर्ग की आवाज उठाने और आम लोगों की समस्याओं को मजबूती से सामने रखने का आह्वान किया। दुष्यंत चौटाला ने कहा कि ताऊ देवीलाल ने किसानों, मजदूरों, युवाओं, महिलाओं, बुजुर्गों और समाज के दूसरे वर्गों के सम्मान और अधिकारों के लिए लगातार संघर्ष किया।
डेफ गेम्स के खिलाड़ियों से मिले दुष्यंत चौटाला: कार्यक्रम के दौरान दुष्यंत चौटाला ने 10वें हरियाणा स्टेट गेम्स ऑफ द डेफ में हिस्सा लेने वाले खिलाड़ियों और कोचों से भी मुलाकात की। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए उनकी मेहनत और संघर्ष की सराहना की।
उन्होंने HSDC गुरुग्राम की ओर से आयोजित इन खेलों के लिए अपना सहयोग और समर्थन देने की बात कही। दुष्यंत चौटाला ने कहा कि खेल केवल प्रतियोगिता तक सीमित नहीं हैं, बल्कि इससे आत्मविश्वास, अनुशासन और आगे बढ़ने का जज्बा भी मजबूत होता है।
उन्होंने कहा कि दिव्यांग खिलाड़ियों की मेहनत और उपलब्धियां समाज के लिए प्रेरणा हैं। ऐसे खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहन और समान अवसर मिलना जरूरी है।
संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर जोर: दुष्यंत चौटाला ने जेजेपी कार्यकर्ताओं से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और आम लोगों से जुड़े मुद्दों को लगातार उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना और उसकी समस्याओं को सामने रखना ही ताऊ देवीलाल के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
उन्होंने कहा कि ताऊ देवीलाल की जयंती उनके संघर्ष और सिद्धांतों को याद करने के साथ-साथ जनसेवा के संकल्प को दोहराने का भी अवसर है।
कार्यक्रम में गुरुग्राम से चेयरमैन दीपचंद, सतबीर लाकड़ा, विद्या सागर, शमशेर डागर, अख्तर अली, डॉ. संदीप कुंडू, डॉ. गगनदीप ओला, राहुल चौहान, मुकेश लक्कड़, दीपक चौहान, सनी कटारिया, विक्रांत कटारिया, दीपक डागर, नागेंद्र डागर, रविन्द्र सिरोहा, प्रहलाद कटारिया, दिशांत ढाना, विक्रम छोकर, दिलबाग महलावत, जयभान ठाकरान समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।




