
हुड्डा की वजह से भाजपा हरियाणा में तीसरी बार सरकार बनाने में कामयाब हुई
जेजेपी कार्यकर्ताओं को हरहाल में जोड़ेंगे
Bilkul Sateek News
गुरुग्राम (मोहित कुमार), 10 अप्रैल। इनेलो के राष्ट्रीय महासचिव अभय चौटाला ने आज कहा कि पार्टी को मजबूत करने के लिए वे सभी पुराने कार्यकर्ताओं को वापस लाएंगे। उन्होंने कहा कि अशोक अरोड़ा के लिए इनेलो के दरवाजे खुले हैं। इनेलो ही एक अकेली ऐसी पार्टी है जो अपने छोटे से छोटे कार्यकर्ता का मान-सम्मान करती है।
हमारा कार्यकर्ता सबसे ज्यादा मजबूत
यहां 8 जिलों के कार्यकर्ताओं की बैठक में पहुंचे अभय चौटाला ने मीडिया से रू-ब-रू होते हुए कहा कि हमारा कार्यकर्ता सबसे मजबूत कार्यकर्ता है। हमारे जो भी कार्यकर्ता दूसरी पार्टियों में गए हैं उन्हें वापस लाने का काम किया जाएगा।
अशोक अरोड़ा के लिए दरवाजे खुले
अशोक अरोड़ा से जुड़े एक प्रश्न पर अभय चौटाला ने कहा कि उनको वहां इतनी इज्जत और मान सम्मान नहीं मिल रहा है जितनी उन्हें इनेलो में मिलती थी। अगर वो इनेलो में वापस आते हैं तो उन्हें वैसी ही इज्जत और सम्मान मिलेगी जैसे उनको पहले मिला करती थी।
हुड्डा की वजह से भाजपा फिर से आई सत्ता में
एक सवाल के जवाब में अभय चौटाला ने कहा कि भूपेंद्र सिंह हुड्डा की वजह से भाजपा हरियाणा में लगातार तीसरी बार सरकार बनाने में कामयाब रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लगातार कमजोर हो रही है।