
Bilkul Sateek News
बहादुरगढ़, 17 अप्रैल। दिल्ली रोहतक रोड़ पर तेज रफ्तार कार ने एक मोपेड को टक्कर मारते हुए एक 6 वर्षीय बच्चे रौंद दिया। हादसे में मासूम की मौत हो गई, जबकि मोपेड पर सवार एक व्यक्ति घायल हो गया। घायल को शहर के नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आसौदा थाना पुलिस ने बच्चे के पिता के बयान पर आरोपी कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान इशांत के रूप में हुई है। बच्चे के पिता बिहार निवासी शत्रोहन के अनुसार वह परिवार सहित मासू ब्रेक कंपनी के नजदीक रहता है और मजदूरी करता है। मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे उसे पता चला कि उसके तीनों बच्चे इंशात कुमार, प्रिंस व रोशनी एच.पी. पेट्रोल पंप पर बोतल में ठंडा पानी लेने के लिए गए थे। प्रिंस व रोशनी पेट्रोल पंप पर लगे वाटर कूलर पर खड़े थे, जबकि इशांत कुमार रोड के पास पेट्रोल पंप की तरफ खड़ा हुआ था।
इसी दौरान रोहतक की तरफ से एक तेज रफ्तार कार आई और एक मोपेड को टक्कर मारते हुए इशांत को टक्कर दे मारी। जिससे उसका बेटा सड़क पर गिर गया। उसके सिर में गंभीर चोटें आई। दुर्घटना में लगी चोटों के कारण उसके बेटे की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में मोपेड सवार सुभाष घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है।
इशांत कुमार बहन-भाइयों में सबसे छोटा था। उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों ने आरोपी कार चालक के खिलाफ सख्त कार्यवाही की मांग की है।