
फरीदाबाद (अजय वर्मा), 20 मई। समरसिबल का पाइप प्राइवेट पार्ट में डालने से युवक की मौत के मामले में पुलिस ने 24 घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस इस मामले में पहले ही दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। मामला सेक्टर-58 थाना क्षेत्र का है।
संजय कालोनी में रहने वाले आनंद चौहान ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि पड़ोस में रहने वाले अतिंद्र, कार्तिक, संदीप और राहुल उसके भाई मनोज को 17 मई की सुबह अपने साथ राजीव कालोनी ले गए। इसके बाद चारों सुबह 9 बजे मनोज को घर छोड़ गए। आरोपी जब मनोज को घर छोड़कर गए तो बताया कि तबीयत खराब होने की वजह से वह बेहोश हो गया है।
परिजनों को लगा कि मनोज ने अधिक शराब पी ली है। इस वजह से बेहोशी की हालत में है। उन्होंने मनोज के सिर पर पानी डालकर उसको उठाने का प्रयास किया। पानी डालने पर मनोज को होश आया तो उसने परिवार वालों को बताया कि पेट में तेजदर्द हो रहा है।
मनोज ने परिजनों को बताया कि अतिंद्र और बाकी युवक उसको राजीव कालोनी स्थित स्वीमिंग पूल ले गए थे। जहां उसके गुप्तांग में पाइप डालकर पानी का प्रेशर छोड़ दिया। परिजन मनोज को सेक्टर-23 स्थित निजी अस्पताल में ले गए। जहां पर डाक्टर ने अल्ट्रासाउंड करके बताया कि उसकी आंत में पानी भरा हुआ है। जिसके बाद पूरे मामले की जानकारी पुलिस को दी गई और मनोज को बादशाह खान अस्पताल ले जाया गया। बादशाह खान अस्पताल से मनोज को सफदरजंग रेफर कर दिया गया। जहां इलाज के दौरान मनोज की मौत हो गई।
जिसके बाद पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया और संदीप व राहुल को संजय कॉलोनी से गिरफ्तार किया। आरोपितों ने पूछताछ में बताया कि शनिवार सुबह वह मनोज को अपने साथ राजीव कालोनी स्थित फार्म हाउस पर ले गए थे। वहां पर सभी नहाने और मस्ती करने लगे। इस दौरान संदीप ने मनोज को पीछे से पकड़ लिया। वहीं राहुल ने उसके गुप्तांग में पाइप डालकर पानी का प्रेशर छोड़ दिया। जिससे उसकी तबीयत खराब हो गई। इसके बाद वह मनोज को उसके घर छोड़कर चले गए।
सेक्टर 58 थाने के एसएचओ विनोद कुमार ने बताया कि चारों के खिलाफ अपराधिक मानव वध की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने आगे बताया कि पुलिस ने चारों आरोपियों को एफआईआर दर्ज होने के 24 घंटे के अंदर ही पकड़ लिया।
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि मनोज व चारों आरोपी आपस में दोस्त हैं तथा सभी संजय कॉलोनी में रहते हैं। 16/17 मई की मध्य रात को संजय कॉलोनी में एक दोस्त की शादी का प्रोग्राम था। जहां पर मनोज व आरोपी कार्यक्रम में आए हुए थे। उन्होंने वहां शराब पी और फिर अपने-अपने घर चले गए। इसके बाद सुबह आरोपी मनोज को साथ लेकर डंपिंग यार्ड के पीछे एक फार्म हाउस पर चले गए, जहां पर ये पूरी वारदात हुई।