50 हजार रुपये व एक मोबाइल बरामद
गुरुग्राम, 20 मई। गुरुग्राम पुलिस ने खुद को बैंक कर्मी बताकर एक महिला के क्रेडिट कार्ड से रुपये निकालने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास 50 हजार रुपये नगद व एक मोबाइल भी बरामद किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पिछले साल 31 दिसंबर को एक महिला ने पुलिस थाना साइबर अपराध पश्चिम में एक लिखित शिकायत फर्जी बैंक कर्मचारी व अधिकारी बनकर उसके मोबाइल में एक ऐप इनस्टॉल करवाकर उसके क्रेडिट कार्ड से धोखाधड़ी करके ठगी करने के संबंध में दी गई थी।
थाना साइबर अपराध पश्चिम प्रभारी संदीप कुमार की टीम ने इस मामले में 2 आरोपियों को गुरुग्राम से गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान जुनैद निवासी गांव ठेक जिला नूंह और आबिद हुसैन निवासी गांव सिंगर जिला नूंह के रूप में हुई है। पुलिस ने जुनैद को 18 मई को तथा आबिद को 19 मई को गिरफ्तार किया।
पुलिस पूछताछ में पता चला कि जुनैद ने शिकायतकर्ता महिला को अपना परिचय एक बैंक कर्मचारी के रूप में कराकर महिला को अपने विश्वास में ले लिया, फिर आरोपी ने महिला के मोबाइल में एक ऐप इंस्टॉल कराई फिर उस ऐप का प्रयोग करके महिला के क्रेडिट कार्ड के माध्यम से धोखाधड़ी करते हुए 85 हजार रुपये ट्रांसफर कर लिए। जुनैद ने रुपये अपने साथी आबिद, जो एक पेट्रोल पंप पर मैनेजर है के साथ मिलीभगत करके पेट्रोल पंप के खाते में ट्रांसफर कराए थे, फिर जुनैद ने महिला के क्रेडिट कार्ड से ट्रांसफर किए गए 85 हजार रुपये को आबिद से नगद प्राप्त कर लिए थे। पेट्रोल पंप मैनेजर आबिद ने इस काम के बदले 10 प्रतिशत कमीशन (8500) रुपये लिए थे।
पुलिस ने आरोपियों के पास से ठगे हुए 50 हजार रुपये और एक मोबाइल बरामद किया है। पुलिस ने जुनैद को 18 मई को और आबिद को 19 मई को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।




