Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 23 सितंबर। गुरुग्राम पुलिस ने हॉर्न बजाने पर कार चालक से झगड़ा करके उसका मोबाइल छिनकर ले जाने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से छीना हुआ मोबाइल और वारदात में प्रयोग की गई 1 स्कूटी व 1 बाइक भी बरामद की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 20 सितंबर को पुलिस थाना डीएलएफ फेज-2 को एक सूचना एक व्यक्ति के साथ मारपीट करके मोबाइल छीनकर ले जाने के संबंध में प्राप्त हुई।
इसी दौरान ईवीआर-261 की पुलिस टीम के साथ पीड़ित पुलिस थाने पहुंचा और उसने बतलाया कि उसके शरीर में काफी दर्द हो रहा है। तो पुलिस थाना डीएलएफ फेज-2 की टीम द्वारा पीड़ित को इलाज के लिए सरकारी अस्पताल सेक्टर-10 ले जाकर दाखिल कराया गया व एमएलआर प्राप्त की गई। इसी दौरान पीड़ित ने अपनी शिकायत थाने में आकर देने की कही।
अगले दिन पीड़ित ने पुलिस को एक लिखित शिकायत के माध्यम से बतलाया कि 20 सितंबर को जब वह अपने घर फरीदाबाद जा रहा था, तो नजदीक एमजी मेट्रो स्टेशन के पास जाम था। तो इसने गाड़ी का हॉर्न बजा दिया। तभी एक स्कूटी सवार आया और बोला हॉर्न क्यों बजा रहा है और हॉर्न बजाने की बात को लेकर इनकी कहासुनी हो गई। फिर उन्होंने कुछ देर इससे बात करते हुए इसके साथ अच्छे तरीके से बात की और सिगरेट पीने का ऑफर दिया और उस दौरान स्कूटी सवार लड़के ने कॉल करके अपने अन्य दो साथियों को भी बुला लिया। कुछ समय बाद एक बाइक पर सवार होकर उनके 2 साथी भी आ गए और उसके साथ मारपीट करने लगे। मारपीट करते हुए वो उसकी जेब से मोबाइल निकालकर ले गए।
पुलिस ने मामला दर्ज करने के बाद इस मामले में आज दो आरोपियों को गुरुग्राम से पकड़ा। जिनकी पहचान केशव (उम्र-21 वर्ष) निवासी गांव गुरुरियारी जिला बदायूं (उत्तर-प्रदेश) और गौरव (उम्र-22 वर्ष) निवासी गांव दोकलपूर्वा जिला कानपुर देहात (उत्तर-प्रदेश) के रूप में हुई।
पुलिस पूछताछ में पता चला कि केशव का शिकायकर्ता के साथ गाड़ी के हॉर्न बजाने को लेकर झगड़ा हुआ था और केशव ने अपने अन्य साथियों को बुलाकर मारपीट करने और मोबाइल छीनकर ले जाने की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।




