Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 23 सितंबर। गुरुग्राम में कल देररात ड्यूटी के बाद घर लौटे रहे दो सिक्योरिटी गार्डों को पिकअप ने कुचल दिया था। जिसमें एक सिक्योरिटी गार्ड की मौत हो गई और दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है।
गुरुग्राम के खेड़की दौला इलाके में किराए के मकान में रहने वाले 30 वर्षीय रिंकू और राजीव एसआईएस कंपनी में बतौर सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करते हैं। इस समय उनकी ड्यूटी अमेरिकन एक्सप्रेस कंपनी में लगी हुई थी। रिंकू उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले के नगला गुलाल गांव का रहने वाला था। जबकि राजीव उसके पड़ोस के गांव का है। हादसे के वक्त सोहना रोड पर स्थित अमेरिकन एक्सप्रेस कंपनी में सोमवार रात करीब साढ़े 10 बजे ड्यूटी करने के बाद वे पैदल ही अपने घर की ओर जा रहे थे, तभी तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर मारने के बाद चालक रूका नहीं पिकअप के साथ फरार हो गया। सबकुछ इतनी तेजी से हुआ कि कोई भी वाहन का नंबर भी नोट नहीं कर पाया। हादसे में रिंकू के सिर और पैर में गंभीर चोटें आईं, जिसके कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। जबकि राजीव को भी गंभीर चोटें आई, जिन्हें पार्क अस्पताल ले जाया गया। जहां राजीव की हालत नाजुक बनी हुई है।
सहकर्मी अवधेश कुमार ने बताया कि रिंकू के परिवार में उसके पिता, पत्नी और दो छोटी बेटियां (6 साल और ढाई साल) की हैं। रिंकू अपने परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था। उसकी मौत से परिवार पर गहरा आघात लगा है और उसकी पत्नी व बच्चे सदमे में हैं।
पुलिस के अनुसार, यह हादसा देर रात उस समय हुआ जब रिंकू और राजीव अपनी ड्यूटी खत्म कर घर लौट रहे थे। इस संबंध में पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी ने बताया कि पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि वाहन और ड्राइवर की पहचान हो सके।




