Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 19 सितंबर। गुरुग्राम पुलिस ने खाने के रुपये मांगने को लेकर हुई कहासुनी के बाद होटल मालिक और उसके पिता के साथ मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस इस मामले में 3 आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। मारपीट की वारदात 18 सितंबर की देररात 12 बजे के बाद हुए थी।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस थाना उद्योग विहार को एक व्यक्ति लिखित शिकायत के माध्यम से बताया कि वह हनुमान चौक पर एक होटल चलाता है। 18 सितंबर को रात के समय लगभग 12 बजे अनीश निवासी डूडाहेड़ा उसके होटल पर आया, जो शराब के नशे में था। अनीश ने होटल से खाना पैक करवाया और बिना रुपये दिए लौटने लगा। तब खाने के रुपये मांगने पर अनीश ने गाली-गलौज की और मेरे साथ हाथापाई करते हुए कहने लगा कि 25 मिनट में इसका अंजाम भुगतेगा, यह कहकर वह वहां से चला गया। अनीश थोड़ी देर बाद स्कूटी पर दो लड़के (मनीष व संदीप) के साथ आया और स्कूटी से उतरते ही मुझे मारने लगा। इतने में पीछे से एक ब्लैक कलर की स्कॉर्पियो गाड़ी आई, जिसमें से 4-5 व्यक्ति उतरे, जिनके हाथ में लाठी डंडे थे, जिन्होंने आते ही उसे मारना-पीटना शुरू कर दिया। उनमें से एक व्यक्ति ने पिस्टल दिखाकर हमें जान से मारने की धमकी भी दी।
पुलिस ने मामला दर्ज कर इस मामले में 19 सितंबर को अनीश (उम्र-30 वर्ष) व मनीष (उम्र-28 वर्ष) दोनों निवासी डूडाहेड़ा जिला गुरुग्राम (हरियाणा) और संदीप (उम्र-24 वर्ष) निवासी गांव चंदौली, जिला बनारस (उत्तर-प्रदेश) को गिरफ्तर किया था।
पुलिस ने इस मामले में डीएलएफ फेज-5 से चौथे आरोपी साहिल निवासी गांव शिवाजी नगर जिला रोहतक को 22 सितंबर को गिरफ्तार किया।
पुलिस पूछताछ में पता चला कि साहिल और उसके 4 अन्य साथी स्कॉर्पियो गाड़ी में बैठकर दिल्ली जा रहे थे। साहिल का अन्य साथी उस होटल पर खाना लेने गया तब वहां होटल मालिक के साथ अनीश का झगड़ा पहले ही चल रहा था। साहिल और साथियों को लगा कि होटल मालिक की लड़ाई उसके अन्य साथी के साथ हो गई जिसके चलते होटल मालिक के साथ मारपीट की और उसको जान से मारने की धमकी देने की वारदात को अंजाम दिया। साहिल को आज न्यायालय में पेश करके 4 दिन के पुलिस हिरासत रिमांड पर लिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।




