Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 23 सितंबर। गुरुग्राम पुलिस ने व्हाट्सऐप ग्रुप के माध्यम से जॉब ऑफर करके फिर जॉब टॉस्क के नाम निवेश करके अच्छा मुनाफा कमाने का प्रलोभन देकर ठगी करने के मामले में 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से 2 मोबाइल भी बरामद किए हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 16 सितंबर को एक व्यक्ति ने पुलिस थाना साइबर अपराध दक्षिण को एक लिखित शिकायत के माध्यम से बतलाया कि उसे व्हाट्सऐप पर पार्ट टाइम जॉब करने का मैसेज प्राप्त हुआ। जब उसके द्वारा संपर्क किया तो उन्होंने इसको पार्ट टाइम जॉब टास्क के नाम से निवेश करके अच्छा मुनाफा कमाने का प्रलोभन देकर ठगी की।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी और इस मामले में खाताधारक/खाता उपलब्ध कराने वाले 2 आरोपियों को आज भरतपुर राजस्थान से पकड़ा। आरोपियों की पहचान रिंकू (उम्र-24 वर्ष, शिक्षा-12वीं ) और रविन्द्र (उम्र-25 वर्ष, शिक्षा-12वीं) दोनों निवासी गांव बेलेटा, जिला अलवर (राजस्थान) के रुप में हुई।
पुलिस पूछताछ में पता चला कि इस मामले में ठगी गई राशि में से 30 हजार रुपये रिंकू के बैंक खाता में ट्रांसफर किए गए थे। रिंकू ने यह बैंक खाता रविन्द्र को 5 हजार रुपये में बेचा था। रविन्द्र ने उस बैंक खाते समेत करीब 10 बैंक खाते किसी अन्य व्यक्ति (साइबर फ्रॉड करने वाले) को 1 लाख 50 हजार रुपये में बेचे थे और इन रुपये से यूएसडीटी करेंसी खरीदकर एक एप्पल कंपनी का मोबाइल खरीदा था, जिसे पुलिस टीम द्वारा कब्जे में लिया गया है।
पुलिस द्वारा आरोपियों को आज अदालत में पेश करके रिंकू को न्यायिक हिरासत में भेजा गया व रविन्द्र को अदालत में पेश करके 1 दिन का पुलिस हिरासत रिमांड लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।




