Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 30 सितंबर। गुरुग्राम में खाद्य सुरक्षा विभाग और सीएम फ्लाइंग की संयुक्त टीम ने कल रात 12 जगह छापे मारे। छापों की खबर फैलते ही खोया पनीर बेचने वालों के बीच हड़कंप मच गया। कई दुकानदार दुकान बंद कर भाग गए। छापों के दौरान 2 हजार किलोग्राम से अधिक नकली पनीर-खोया बरामद किया गया है। इनके सैंपल जांच की लिए भेज दिए गए हैं। छापे त्यौहारी सीजन के मद्देनजर मारे गए हैं।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, सबसे बड़ी कार्रवाई फर्रुखनगर क्षेत्र में की गई। यहां झज्जर रोड बस अड्डे के पास एक पिकअप वाहन से लगभग 1000 किलोग्राम पनीर बरामद किया गया। वाहन चालक की पहचान जुनैद के रूप में हुई है, जिसने पूछताछ में बताया कि पनीर पलवल के हथीन क्षेत्र से लाया गया था। जब्त किए गए पनीर का नमूना जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।
सीएम फ्लाइंग की छापेमारी की खबर मिलते ही बाजार में हड़कंप मच गया और कई दुकानदार अपनी दुकानें बंद कर भाग गए। टीम ने झज्जर रोड स्थित यादव डेयरी पर छापा मारकर 700 किलोग्राम पनीर बरामद किया। छापे के वक्त डेयरी मालिक सोनू सिंह मौके पर मौजूद थे।
वहीं, बस अड्डा रोड स्थित परवीन डेयरी में छापेमारी के दौरान टीम को 100 किलोग्राम पनीर और 60 किलोग्राम खोया मिला। इस दौरान दुकान मालिक धर्मपाल भी मौजूद थे। इन सभी उत्पादों के नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं।
जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. रमेश कुमार चौहान ने बताया कि रिपोर्ट आने के बाद दोषियों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान मिलावटखोर ज्यादा सक्रिय हो जाते हैं और आम जनता की सेहत के साथ खिलवाड़ करते हैं।
इस कार्रवाई में सीएम फ्लाइंग इंस्पेक्टर सतबीर सिंह, EHC मनोज कुमार, और जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. रमेश कुमार चौहान भी शामिल थे।




