Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 25 नवंबर। हरियाणा स्टेट एनफोर्समेंट ब्यूरो गुरुग्राम की टीम ने कल शाम को एक बड़ी कार्रवाई में अवैध अंग्रेजी शराब की भारी खेप बरामद करके 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्यवाही KMP नजदीक टोल प्लाजा (पंचगांव) पर विशेष नाकाबंदी के दौरान की गई।
थाना HSEnB गुरुग्राम की पुलिस टीम ASI संदीप के नेतृत्व में KMP टोल प्लाजा पंचगांव क्षेत्र में पेट्रोलिंग पर थी। तभी पुलिस को सूत्रों से एक सूचना मिली कि एक कैंटर में प्लास्टिक कट्टों में छुपाकर अवैध शराब बिहार ले जाई जा रही है। इस सूचना पर तत्पर कार्रवाई करते हुए टीम ने तुरंत नाकाबंदी करके कार्रवाई शुरू की और सूचना में बताए गए कैंटर को नाकाबंदी के दौरान रोककर तलाशी ली। जिसमें प्लास्टिक कट्टों में भरी रेक्जीन कतरन (कबाड़) के नीचे अंग्रेजी शराब की पेटियां मिली। जिसके बाद कैंटर के चालक व परिचालक को पकड़ लिया गया। जिनकी पहचान नवीन उर्फ काला निवासी सोलधा जिला झज्जर (कैंटर चालक) और सन्नी निवासी गांव खोड़ जिला गुरुग्राम वर्तमान निवासी सेक्टर-9 बहादुरगढ़ (सहायक कैंटर चालक/परिचालक) के रूप में हुई।
पुलिस को दोनों बरामद शराब से संबंधित कोई लाइसेंस/परमिट या वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। जिसके बाद पुलिस ने आरोपियों के पास से 1 कैंटर जिसमें रखे 97 प्लास्टिक/रेग्जीन (कबाड़े) के कट्टे व कबाड़े के बीच में छिपाकर रखी 220 पेटी – अंग्रेजी शराब (Royal Stag), 55 पेटी – अंग्रेजी शराब (All Seasons) सहित कुल 275 पेटी अंग्रेजी शराब तथा पेश की गई बिल्टी दस्तावेज — 5 पेज (कबाड़े की बिल्टी) बरामद करने पर उनके खिलाफ पुलिस थाना HSEnB गुरुग्राम में अभियोग संख्या 2763/2025 24.11.2025, धारा 318(4), 338, 336(3), 340(2) BNS एवं 61(1)(a) एक्साइज एक्ट के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार लिया।
प्रारम्भिक पुलिस अनुसन्धान में ज्ञात हुआ कि पुलिस द्वारा आरोपियों से बरामद शराब पर “For Sale Punjab Only” का लेबल लगा हुआ है, जिसे अवैध रूप से हरियाणा के रास्ते बिहार व अन्य राज्यों में सप्लाई/तस्करी करने के लिए ले जाया जा रहा था। जांच में यह भी सामने आया कि ये शराब को कबाड़ के नीचे छिपाकर दूर राज्यों में सप्लाई करने के लिए ले जा रहे थे, इनके साथियों द्वारा पंजाब से बिहार कबाड़ा ले जाने की बिल्टी कटवाई हुई थी, जिसकी आड़ में ये शराब छुपाकर ले जा रहे थे।
पुलिस द्वारा आरोपियों को अदालत में पेश करके 2 दिन के पुलिस हिरासत रिमांड पर लिया गया है। पुलिस हिसारत रिमांड के दौरान पुलिस द्वारा शराब तस्करी/सप्लाई करने में संलिप्त रैकेट के अन्य सदस्यों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। अभियोग का अनुसंधान जारी है।




