Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 30 नवंबर। गुरुग्राम के कांकरौला गांव में गंदे नाले में सड़ी गली लाश मिलने से हड़कंप मच गया। लाश के मुंह पर कपड़ा बंधा हुआ था और गले में धारदार हथियार का गहरा निशान था। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर जांच शुरू कर दी। लाश के पास कोई पहचान पत्र आदि भी नहीं मिला है, जिससे उसकी पहचान हो सके। फिलहाल पुलिस आसपास के थानों से गुमशुदा लोगों की जानकारी प्राप्त कर रही है।
खेड़की दौला थाना पुलिस का अनुमान है कि हत्या के बाद लाश को सबूत मिटाने और पहचान छिपाने के इरादे से नाले में फेंका गया था। मृतक की उम्र करीब 30-35 वर्ष बताई जा रही है। पानी में फूलने के बाद लाश ऊपर आई तो राहगीरों को दिखाई दी। जिसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कि लाश पूरी तरह से फूल चुकी थी और उससे दुर्गंध आ रही थी। पुलिस को जेब में कोई कागजात या पहचान-पत्र नहीं मिला। लाश कम से कम 48 से 72 घंटे पुरानी बताई जा रही है।पुलिस का मानना है कि हत्यारे जान-पहचान वाले ही हो सकते हैं क्योंकि वार बहुत करीब से और एक ही बार में किया गया था। हत्या के बाद लाश को रात के अंधेरे में नाले में फेंक दिया गया ताकि कई दिन तक पता न चले और सबूत पानी में बह जाएं।
खेड़की दौला थाना प्रभारी इंस्पेक्टर कृष्ण ने बताया कि अभी तक मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई है। क्षेत्र के सभी थानों में गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगाली जा रही हैं। पास के गांवों और बस्तियों में फोटो दिखाकर पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। सीसीटीवी फुटेज चेक की जा रही हैं। नाले के दोनों तरफ के रास्तों पर भी पुलिस टीम तलाश कर रही है कि कहीं खून के छींटे या संघर्ष के निशान मिल जाए।




