Source: Social Media
Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 29 दिसंबर। गुरुग्राम में नववर्ष-2026 के आगमन की पूर्व संध्या पर गुरुग्राम पुलिस द्वारा सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। गुरुग्राम में लगभग 5400 पुलिस अधिकारी और कर्मचारी तैनात रहेंगे। पुलिस इस दौरान शराब पीकर हुड़दंग व वाहन चलाने वालों पर कड़ी नजर रहेगी। इस दौरान पुलिस द्वारा जारी निर्देशों और आदेशों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ की सख्त कार्रवाई की जाएगी। नशे की हालत में किसी भी व्यक्ति को वाहन चलाने की अनुमति नहीं होगी। ऐसे व्यक्तियों को सुरक्षित घर पहुंचाने की जिम्मेदारी संबंधित बार/होटल/रेस्टोरेंट संचालक की होगी।
प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी गुरुग्राम में नववर्ष का उत्सव बड़े हर्षाेल्लास के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकने, असामाजिक एवं शरारती तत्वों पर नियंत्रण रखने तथा नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क एवं मुस्तैद रहेगी। पुलिस आयुक्त गुरुग्राम विकास कुमार अरोड़ा के निर्देशन में गुरुग्राम पुलिस द्वारा कानून-व्यवस्था, महिला सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन को प्राथमिकता देते हुए सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।
सुरक्षा व्यवस्थाः नववर्ष के उपलक्ष्य में गुरुग्राम में 22 प्रमुख स्थानों पर विशेष कार्यक्रम/आयोजन आयोजित किए जाएंगे। इसके इलावा विभिन्न स्थानों पर भी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन सभी आयोजन स्थलों पर गुरुग्राम पुलिस द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। इसके अतिरिक्त कार्यक्रम स्थलों एवं शहर के संवेदनशील इलाकों में करीब 5400 पुलिस अधिकारी/कर्मचारी तैनात किए जाएंगे। सुरक्षा व्यवस्था के तहत वर्दीधारी पुलिस के साथ-साथ सादे कपड़ों में पुलिसकर्मी भी तैनात रहेंगे, जो संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखेंगे।
नाकाबंदी एवं चेकिंगः अपराधियों, संदिग्ध एवं अवांछनीय तत्वों की रोकथाम के लिए गुरुग्राम पुलिस द्वारा व्यापक स्तर पर नाकाबंदी की गई है। 10 इंटरस्टेट नाके लगाए गए हैं। गुरुग्राम के भीतर कुल 68 विशेष नाके स्थापित किए गए हैं, जिनमें- पूर्व जोनः 32 नाके, पश्चिमी जोनः 21 नाके, दक्षिणी जोनः 8 नाके, मानेसर जोनः 7 नाके। इन सभी नाकों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात रहेंगे जिनके द्वारा सघन चेकिंग की जाएगी।
यातायात एवं पार्किंग व्यवस्थाः नववर्ष के दौरान यातायात को सुचारू, सुगम एवं व्यवस्थित बनाए रखने के लिए यातायात पुलिस की विशेष ड्यूटियां लगाई गई हैं, ताकि जाम की स्थिति उत्पन्न न हो। आमजन की सुविधा के लिए 10 स्थानों पर पार्किंग व्यवस्था की गई है, जिनमें प्रमुख रूप से लेजर वैली सेक्टर-29 पार्किंग, लेजर वैली सेक्टर-29 मार्केट पार्किंग, होटल वेस्टिन के सामने पार्किंग, साइबर हब पार्किंग, केओडी के सामने और पीछे की ओर 2 पार्किंग, उबर ऑफिस सेक्टर-29 के सामने पार्किंग, हुड्डा जिमखाना पार्किंग सेक्टर-29, मचान पार्किंग, हुड्डा ग्राउंड पार्किंग और सेक्टर-29 टैक्सी पार्किंग शामिल है।
ड्रिंक एंड ड्राइव पर सख्तीः शराब पीकर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए विशेष अल्कोहल चेकिंग नाके लगाए गए हैं।
सभी पब, बार, क्लब, रेस्टोरेंट व होटल संचालकों को नोटिस
गुरुग्राम पुलिस द्वारा सभी पब, बार, क्लब, रेस्टोरेंट एवं होटल संचालकों को बीएनएसएस की धारा 168 के तहत नोटिस जारी किए गए हैं, जिनके अंतर्गत् उन्हें निर्देशित किया गया है कि नशे की हालत में किसी भी व्यक्ति को वाहन चलाने की अनुमति न दी जाए तथा ऐसे व्यक्तियों को सुरक्षित घर पहुंचाने की जिम्मेदारी संबंधित संचालकों की होगी। निर्देशों की अवहेलना करने पर संबंधित संचालकों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
आपात सेवाएंः सुरक्षा व्यवस्था के अंतर्गत् काउंटर असॉल्ट टीमें, बम डिस्पोजल स्क्वॉड, एंबुलेंस एवं फायर ब्रिगेड की विशेष टीमें भी तैनात रहेंगी, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।
जनता से अपीलः गुरुग्राम पुलिस द्वारा स्पष्ट किया गया है कि नववर्ष के अवसर पर हुड़दंग, असामाजिक गतिविधियों एवं शांति व्यवस्था भंग करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और उनके विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। गुरुग्राम पुलिस सभी नागरिकों से अपील करती है कि वे नववर्ष का उत्सव सौहार्दपूर्ण, शांतिपूर्ण एवं कानून के दायरे में रहकर मनाएं।




