Bilkul Sateek News
फरीदाबाद (अजय वर्मा), 21 जनवरी। फरीदाबाद के मोहना-छायसा रोड पर मंगलवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार से आ रही स्विफ्ट कार ने सड़क किनारे चल रही एक महिला को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में 27 वर्षीय महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, स्विफ्ट कार काफी तेजगति में थी और चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया, जिससे महिला को सीधी टक्कर लग गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि महिला ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बीके अस्पताल भेज दिया। पुलिस मृतका के परिजनों को हादसे की जानकारी दे दी है।
बताया जा रहा है कि टक्कर मारने के बाद स्विफ्ट चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मौके से क्षतिग्रस्त वाहन के कुछ हिस्से बरामद किए हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपी चालक की पहचान की जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामला दर्ज कर लिया गया है और फरार कार चालक की तलाश जारी है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस हादसे के बाद मोहना-छायसा रोड पर कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। स्थानीय लोगों ने सड़क पर बढ़ते हादसों को लेकर प्रशासन से स्पीड कंट्रोल और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।



