गुर्जर ने SYL पर किए पूर्व CM हुड्डा पर कटाक्ष
Bilkul Sateek News
फरीदाबाद (अजय वर्मा), 2 फरवरी। केंद्रीय बजट पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा पेश किए गए बजट में देश के हर वर्ग को ध्यान में रखा गया। यह बजट आम जनता का बजट है, इससे आमजन को काफी फायदा होगा और यह बजट 2047 के विकसित भारत मिशन का भी बजट है।
वहीं, SYL मुद्दे पर हरियाणा के पूर्व CM भूपेंद्र हुड्डा द्वारा सरकार को घेरे जाने के सवाल पर कृष्ण पाल गुर्जर ने कहा कि उनके पास कोई मुद्दा नहीं रहा है। यह सिर्फ तोहमत लगने का काम करते हैं। जब देश, प्रदेश और पंजाब सभी जगह पर कांग्रेस की सरकार थी तो उस समय उन्होंने कुछ नहीं बोला और आज तो पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार है तो ऐसे में विपक्ष के लोगों को यही नहीं पता कि क्या बोलना चाहिए और क्या नहीं।
वहीं मनरेगा के नाम को बदलने पर भूपेंद्र हुड्डा के सवाल पर जवाब देते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि यह सिर्फ आरोप लगाते हैं। इनको जानकारी नहीं है मनरेगा में लोगों को अब 100 दिन की जगह 125 दिन रोजगार मिलेगा। नई नीति आने से भ्रष्टाचार पर लगाम लगेगी, फर्जी जॉब कार्ड नहीं बनेंगे। गांव के हिसाब से काम होगा। गांव की सभा तय करेगी कि गांव में क्या काम होना है इससे गरीब लोगों को काफी फायदा होगा।



