Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 2 फरवरी। गुरुग्राम में एक 13 वर्षीय बच्चे की ट्यूलिप सोसाइटी की 14वीं मंजिल से गिरकर मौत हो गई। बच्चा ट्यूलिप सोसाइटी से 4 किलोमीटर दूर एक दूसरी सोसाइटी में रहता था। उसके परिवार को भी नहीं पता कि वह वहां कैसे पहुंचा। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
सोसाइटी के सिक्योरिटी गार्ड ने घटना की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद बच्चे की पहचान की गई। पुलिस सोसाइटी में लगे CCTV कैमरे चेक कर रही है। अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह आत्महत्या है या किसी ने बच्चे को धक्का दिया है। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सेक्टर-70 स्थित बीपीटीपी एस्टायर गार्डन सोसाइटी में रहने वाले अतुल सक्सेना ने बताया कि मेरा बेटा आरव सेंट एंजेल स्कूल में सातवीं कक्षा का छात्र था। उनका इकलौता बेटा परिवार में बहुत होशियार था। हमें ये नहीं पता कि मेरे बेटे की मौत कैसे हुई। वह हमारी सोसाइटी से करीब 4 किलोमीटर दूर ट्यूलिप वायलेट सोसाइटी में था।
अतुल ने आगे बताया कि उस सोसाइटी के गार्ड को परिसर में तेज आवाज सुनाई दी। जब वह मौके पर पहुंचा तो आरव की मौत हो चुकी थी। इस सोसाइटी में ढाई साल पहले तक आरव की मौसी रहती थी और वह पहले उनके पास आता था। फिलहाल उनका परिवार बीपीटीपी एस्ट्रिया में फर्स्ट फ्लोर पर रहता है। आरव किसके साथ वहां, गया इसकी सूचना नहीं है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरव रविवार शाम को 4 बजकर 23 मिनट पर अपनी सोसाइटी से निकला था। इसके बाद 4 बजकर 40 मिनट पर ट्यूलिप सोसाइटी में पहुंचा।
बादशाहपुर थाने के जांच अधिकारी अशोक ने बताया कि परिजनों से भी बातचीत की गई, लेकिन अभी तक मौत के सटीक कारण का पता नहीं चल सका। उन्होंने आशंका जताई है कि वह इस सोसाइटी में सुसाइड करने के मकसद से ही आया होगा। बच्चे का मोबाइल फोन जब्त किया गया है।
SHO विजयपाल ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ स्पष्ट पता चल पाएगा। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया, सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।



