गुरुग्राम, 12 फरवरी 2026।
विद्युत मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार 9 फरवरी से 23 फरवरी 2026 तक देशभर में ‘स्मार्ट मीटर पखवाड़ा’ मनाया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य उपभोक्ताओं को स्मार्ट मीटरिंग के लाभों के प्रति जागरूक करना और डिजिटल बिजली प्रबंधन को बढ़ावा देना है।

दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (डीएचबीवीएन) के प्रवक्ता संजय चुघ ने जानकारी देते हुए बताया कि निगम के अंतर्गत गुरुग्राम और फरीदाबाद शहरों में अब तक लगभग 3.73 लाख स्मार्ट मीटर स्थापित किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि स्मार्ट मीटरिंग व्यवस्था से बिजली उपभोग में पारदर्शिता बढ़ती है और उपभोक्ताओं को अपनी खपत पर बेहतर नियंत्रण मिलता है।
उन्होंने बताया कि दोनों शहरों के उपभोक्ता यदि अपने बिजली कनेक्शन को पोस्टपेड से प्रीपेड बिलिंग मोड में परिवर्तित करते हैं तो उन्हें बिजली बिल पर 5 प्रतिशत की छूट का लाभ दिया जा रहा है। यह कदम उपभोक्ताओं को समय पर भुगतान और बजट प्रबंधन के लिए प्रेरित करेगा।
उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए ‘स्मार्ट मीटर डीएचबीवीएन’ (Smart Meter DHBVN) मोबाइल एप भी उपलब्ध कराया गया है, जिसे गूगल प्ले स्टोर और एप्पल iOS स्टोर से डाउनलोड किया जा सकता है। इस एप के माध्यम से उपभोक्ता अपनी दैनिक बिजली खपत की निगरानी कर सकते हैं, प्रीपेड बिलिंग की स्थिति में क्रेडिट बैलेंस से संबंधित दैनिक अलर्ट प्राप्त कर सकते हैं तथा स्मार्ट मीटर से जुड़ी शिकायतें दर्ज कर सकते हैं। वर्तमान में लगभग 9,300 उपभोक्ता इस मोबाइल एप का उपयोग कर रहे हैं।
निगम ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे प्रीपेड बिलिंग प्रणाली को अपनाएं और मोबाइल एप डाउनलोड कर बिजली खपत पर बेहतर नियंत्रण स्थापित करें। किसी भी प्रकार की सहायता या जानकारी के लिए उपभोक्ता 24 घंटे हेल्पलाइन नंबर 1912 या 1800-180-4334 पर संपर्क कर सकते हैं।



