Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम | 11 मार्च 2026
गुरुग्राम पुलिस ने युवक की नग्न वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने और झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर पैसे ऐंठने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में एक महिला सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 1 लाख 63 हजार रुपये, वारदात में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो गाड़ी और 4 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।

ब्लड सैंपल लेने के बहाने बुलाया
पुलिस को दी शिकायत में पीड़ित ने बताया कि वह सेक्टर-83 गुरुग्राम में एक लैब में काम करता है।
25 फरवरी 2026 को वह AVL-36 सोसाइटी, मोहम्मदपुर में रहने वाली एक महिला ज्योति का ब्लड सैंपल लेने गया था। उस समय महिला ने ब्लड रिपोर्ट के लिए उसका मोबाइल नंबर ले लिया था। इसके बाद दोनों के बीच फोन पर बातचीत शुरू हो गई और महिला ने उसे मिलने के लिए कहा।

फ्लैट में बुलाकर बनाई नग्न वीडियो
पीड़ित के अनुसार, 2 मार्च 2026 को वह दोबारा महिला का ब्लड सैंपल लेने उसके फ्लैट पर गया। कुछ देर बाद महिला ने फ्लैट का दरवाजा खुला छोड़ दिया। तभी वहां दो अन्य युवक पहुंचे और उन्होंने पीड़ित के साथ मारपीट की। इसके बाद उसके कपड़े उतारकर नग्न वीडियो बना ली। आरोपियों ने वीडियो वायरल करने और झूठे रेप केस में फंसाने की धमकी देकर उससे पैसे ट्रांसफर करवा लिए।
स्कॉर्पियो में घुमाकर कराया पैसों का ट्रांसफर
पीड़ित ने बताया कि आरोपी उसे स्कॉर्पियो गाड़ी में बैठाकर ले गए और रास्ते में डर दिखाकर उससे कई बार पैसे ट्रांसफर करवाए। साथ ही उससे 5 लाख रुपये और देने की मांग की। घटना के बाद आरोपी लगातार फोन कर उससे पैसे मांगते रहे।
सोशल मीडिया से हुई थी पहचान
शिकायत के आधार पर थाना सेक्टर-37 गुरुग्राम में मामला दर्ज कर पुलिस ने कार्रवाई शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने 7 मार्च 2026 को दो आरोपियों हरीश यादव उर्फ मोनू (निवासी काहनावास, जिला अलवर, राजस्थान) श्याम सुंदर उर्फ अशोक (निवासी खैरोली, जिला महेंद्रगढ़) को सती चौक, गुरुग्राम से गिरफ्तार किया। इसके बाद 8 मार्च 2026 को तीसरी आरोपी ज्योति (निवासी ताजनगर, गुरुग्राम) को भी गिरफ्तार कर लिया गया। तीनों की उम्र करीब 24 वर्ष बताई जा रही है।
इंस्टाग्राम पर बनी थी योजना
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि तीनों आरोपियों की पहचान इंस्टाग्राम के माध्यम से हुई थी। बाद में उन्होंने पैसे कमाने के लिए इस तरह लोगों को फंसाकर ब्लैकमेल करने की योजना बनाई थी। बरामदगी पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1,63,000 रुपये नकद वारदात में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो गाड़ी 4 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस ने तीनों आरोपियों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।




