Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम: 14 March
शहर में सड़कों पर घूम रहे बेसहारा पशुओं के खिलाफ चल रहे अभियान के दौरान शनिवार को लक्ष्मण विहार इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बन गई। नगर निगम की टीम जब पशुओं को पकड़ने पहुंची तो कुछ पशुपालकों ने इसका विरोध किया, जिसके चलते मौके पर विवाद खड़ा हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, निगम कर्मचारी सड़कों पर घूम रहे पशुओं को पकड़कर उन्हें गौशालाओं में भेजने की कार्रवाई कर रहे थे। इसी दौरान कुछ पशुपालक वहां पहुंच गए और उन्होंने दावा किया कि पकड़े जा रहे पशु उनके हैं। इसके बाद पशुओं को छुड़ाने को लेकर निगम कर्मचारियों और पशुपालकों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई।
देखते ही देखते माहौल गर्म हो गया और दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की की नौबत आ गई। इलाके में लोगों की भीड़ जमा हो गई, जिससे कुछ समय के लिए स्थिति तनावपूर्ण बनी रही।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को शांत कराया। पुलिस की मौजूदगी में निगम की टीम ने कार्रवाई जारी रखी और स्थिति को नियंत्रण में लिया गया।
नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि शहर में आवारा पशुओं की बढ़ती समस्या को देखते हुए नियमित अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने पशुपालकों से अपील की है कि वे अपने पशुओं को खुले में न छोड़ें और नगर निगम के नियमों का पालन करें, ताकि सड़क हादसों और ट्रैफिक बाधाओं से बचा जा सके।




