Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम, 20 मार्च 2026:
गुरुग्राम में स्कूलों को बम से उड़ाने की झूठी धमकी देने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह मामला 28 जनवरी 2026 का है, जब शहर के कई स्कूलों को बम होने की धमकी भरी ईमेल प्राप्त हुई थी, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया था। सूचना मिलते ही पुलिस, डॉग स्क्वॉड, बम निरोधक दस्ते और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और सभी स्कूलों की गहन जांच की गई। हालांकि, जांच के दौरान कहीं भी कोई विस्फोटक सामग्री नहीं मिली। बाद में स्पष्ट हुआ कि यह केवल डर का माहौल बनाने के लिए भेजी गई फर्जी ईमेल थी।

इस मामले में स्कूल प्रशासन की शिकायत पर साइबर थाना दक्षिण, गुरुग्राम में केस दर्ज किया गया और जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने 19 मार्च 2026 को गुजरात से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान सौरभ विश्वास उर्फ माइकल (30 वर्ष) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बांग्लादेश का निवासी है और वर्तमान में पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में रह रहा था।
पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी करीब 9 साल पहले अवैध रूप से भारत में आया था और यहां फर्जी दस्तावेज तैयार कर रह रहा था। शुरुआत में वह मजदूरी करता था, लेकिन बाद में उसने डिजिटल मार्केटिंग और ग्राफिक्स का काम सीख लिया और पिछले 5 वर्षों से फ्रीलांसिंग कर रहा था।
आरोपी एक फेसबुक ग्रुप के जरिए मामुनूर राशिद नामक व्यक्ति के संपर्क में आया, जिसने उससे जीमेल आईडी बनाने के लिए कहा। इसके बदले उसे USDT (क्रिप्टोकरेंसी) में भुगतान करने का लालच दिया गया।
आरोपी ने करीब 300 जीमेल आईडी बनाकर उपलब्ध करवाईं, जिसके बदले उसे लगभग 250 USDT प्राप्त हुए। पुलिस के अनुसार, इन्हीं में से एक ईमेल आईडी का इस्तेमाल गुरुग्राम के स्कूलों को बम की झूठी धमकी भेजने के लिए किया गया था।
फिलहाल पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है और मामले की जांच जारी है।




