Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम, 21 मार्च: हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा है कि प्रदेश सरकार बिल्डर सोसायटियों में 24 मीटर चौड़ी सड़कों से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए गंभीरता से काम कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन सोसायटियों में सड़क की कमी या अवरोध की समस्या है, वहां प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि नागरिकों को सुरक्षित और सुगम आवागमन मिल सके।
शनिवार को सेक्टर-85 स्थित गोदरेज एयर सोसायटी में 24 मीटर सड़क के री-ओपनिंग कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए मंत्री ने कहा कि सरकार नागरिक हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है और योजनाबद्ध तरीके से शहरी अवसंरचना को मजबूत किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि गुरुग्राम जैसे तेजी से विकसित हो रहे शहर में बेहतर सड़क नेटवर्क और कनेक्टिविटी बेहद जरूरी है। सरकार लगातार ऐसे कदम उठा रही है, जिससे लोगों की रोजमर्रा की समस्याओं का समयबद्ध समाधान हो सके और उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न झेलनी पड़े।
मंत्री ने यह भी कहा कि प्रदेश सरकार जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए प्रतिबद्ध है और शहरी विकास के साथ-साथ नागरिक सुविधाओं का विस्तार उसकी प्राथमिकताओं में शामिल है।
इस अवसर पर राव नरबीर सिंह ने लोगों को 22 मार्च को आयोजित होने वाली “विकसित बादशाहपुर महारैली” में शामिल होने का निमंत्रण भी दिया और अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर प्रदेश के विकास में भागीदारी निभाने का आह्वान किया।





