Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम में जनस्वास्थ्य को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सिल्वरस्ट्रीक मल्टीस्पेशियलिटी हॉस्पिटल द्वारा एक निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर सेक्टर 82/82ए स्थित नया सवेरा गुरुग्राम एनजीओ परिसर में लगाया गया, जहां करीब 250 स्थानीय लोगों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।

इस शिविर का आयोजन रोटरी क्लब न्यू गुरुग्राम और नया सवेरा गुरुग्राम एनजीओ के सहयोग से किया गया। इसमें आम नागरिकों के लिए सामान्य स्वास्थ्य जांच, ब्लड प्रेशर और शुगर टेस्ट, आंखों की जांच, चश्मा वितरण और आवश्यक दवाइयों की सुविधा निःशुल्क उपलब्ध कराई गई।

शिविर में विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम मौजूद रही, जिसमें जनरल फिजिशियन, महिला रोग विशेषज्ञ, शिशु रोग विशेषज्ञ और त्वचा रोग विशेषज्ञ शामिल थे। डॉक्टरों ने मरीजों को स्वास्थ्य संबंधी जरूरी परामर्श भी दिया।
इस मौके पर हॉस्पिटल के कंसल्टेंट मिनिमल एक्सेस एवं जीआई सर्जरी विशेषज्ञ डॉ. उत्कर्ष गुप्ता ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि ऐसे शिविर बीमारियों की समय पर पहचान और जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम के दौरान अस्पताल के संस्थापक एवं वरिष्ठ न्यूरोसर्जन डॉ. वी. के. गुप्ता का मार्गदर्शन भी रहा। साथ ही डॉ. स्वप्निल अग्रहरी ने महिलाओं को स्वास्थ्य संबंधी परामर्श प्रदान किया।




