Bilkul Sateek News
Reporter: Sonu Rana
Author: Sonu Rana
गुड़गांव।
गुड़गांव के खेड़की माजरा गांव में शुक्रवार रात खाना बनाते समय गैस सिलिंडर फट गया। इस हादसे में कमरे में मौजूद पांच श्रमिक गंभीर रूप से झुलस गए। सभी घायलों को पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें दिल्ली के एम्स रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के अनुसार सभी के शरीर पर 30 से 40 प्रतिशत तक जलने के निशान हैं और उनका इलाज चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, मूल रूप से बिहार के रहने वाले छह श्रमिक खेड़की माजरा गांव में किराए के कमरे में रहते हैं। ये सभी आसपास मजदूरी का काम करते हैं। शुक्रवार रात करीब 9 बजे एक श्रमिक बाहर आटा लाने गया था। इसी दौरान बाकी पांच श्रमिक कमरे में छोटे सिलिंडर पर खाना बना रहे थे।अचानक गैस लीकेज की वजह से सिलिंडर में आग लग गई। आग की लपटें पूरे कमरे में फैल गईं और पांचों श्रमिक आग की चपेट में आ गए। आसपास के लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत को देखते हुए उन्हें दिल्ली एम्स भेज दिया गया।

छोटे सिलेंडर पर बना रहे थे खाना
पुलिस मामले में जांच कर रही है। घायलों के परिवारवालों को भी सूचना दे दी गई है। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में छोटे सिलेंडर में गैस लीकेज को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है।




