Bilkul Sateek News
Reporter: Sonu Rana
Author: Sonu Rana
गुड़गांव
गुड़गांव में कोई एेसा शनिवार या रविवार नहीं जाता है, जब कोई कार चालक नियमों को ताक पर रखकर गाड़ी से स्टंट करता है। ऐसे स्टंट न सिर्फ खुद की जान जोखिम में डालते हैं, बल्कि आम राहगीरों, दोपहिया वाहन चालकों, महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की जिंदगी भी खतरे में डाल देते हैं। एेसा ही एक मामला रविवार को सामने आया है। जहां रेड लाइट पर चालक ने सड़क को रेस ट्रैक समझ लिया। सुबह करीब साढ़े छह बजे गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड पर उस कार चालक ने बीच सड़क पर ड्रिफ्टिंग शुरू कर दी, जिससे आसपास के वाहन चालक दंग रह गए। इस स्टंट का वीडियो रेड लाइट पर खड़ी दूसरी कार के ड्राइवर ने मोबाइल में कैद कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
वीडियो में साफ दिख रहा है कि पूरी तरह लाइव ट्रैफिक सिग्नल पर कई वाहन चल रहे थे, तभी अचानक कार चालक ने ड्रिफ्ट मारनी शुरू कर दी। कार बार-बार स्लाइड करती हुई घूम रही थी। आसपास के ड्राइवरों ने अपने वाहन रोक लिए क्योंकि एक छोटी सी गलती भी बड़े हादसे का कारण बन सकती थी।
यह कोई बंद रोड या स्टंट जोन नहीं था, बल्कि गुड़गांव का वह इलाका है, जहां सुबह से देर रात तक वाहनों की भारी आवाजाही रहती है। कार चालक बिना किसी की परवाह के सड़क पर ड्रिफ्टिंग कर रहा था। संयोग से कोई दुर्घटना नहीं हुई।

पहले भी हो चुके हैं हादसे
गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड पर पहले भी ओवरस्पीडिंग और अनियंत्रित वाहनों के कारण कई हादसे हो चुके हैं। कुछ युवा सोशल मीडिया पर वायरल होने और लाइक्स की होड़ में सड़कों पर स्टंट करते हैं।
पुलिस के संज्ञान में आया वीडियो
गुड़गांव पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि वीडियो उनके संज्ञान में आ गया है। पुलिस इसकी जांच कर रही है और आवश्यक धाराओं में केस दर्ज कर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।




