Bilkul Sateek News
Reporter: Sonu Rana
Author: Sonu Rana
नई दिल्लीः
थोड़ी सी गर्मी बढ़ते ही राजधानी में आग लगने की घटनाएं बढ़ने लगी हैं। रविवार रात को दिल्ली के दो अलग-अलग इलाकों में एक के बाद एक फैक्ट्री और गोदाम में आग लग गई। दोनों जगहों पर आग बुझाने के लिए दमकल की दर्जनों गाड़ियां रात भर जूझती रहीं। हालांकि दोनों घटनाओं में किसी के हताहत होने की जानकारी नहीं है।
पुलिस के अनुसार, रविवार रात पहले बवाना के डीएसआईडीसी सेक्टर-5 स्थित एक फैक्ट्री में आग लग गई। सूचना मिलते ही दमकल की 10 से ज्यादा गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। यहां आग पर काबू पाया भी नहीं गया था कि कुछ देर बाद बुराड़ी इलाके में एक गोदाम में अचानक आग की लपटें उठने लगीं। यहां भी दमकल की 12 से ज्यादा गाड़ियों को बुलाया गया। रात भर चली कड़ी मेहनत के बाद आग को काबू में किया गया। दोनों स्थानों पर आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।
दमकल अधिकारी का कहना है कि प्रारंभिक जांच में यह लग रहा है कि आग शॉर्ट सर्किट से लगी थी। पुलिस इस मामले में आगे की जांच कर रही है।

हर वर्ष बढ़ती हैं आगजनी की घटनाएं
हर वर्ष गर्मी बढ़ते ही दिल्ली में आगजनी की घटनाएं बढ़ने लगती हैं। इस आगजनी की वजह से दर्जनों लोगों की जान चली जाती है और करोड़ों का नुकसान होता है। कई गोदामों में तो नियमों का पालन नहीं किया जाता है, जो आगजनी का कारण बनता है।




