Bilkul Sateek News
Reporter: Sonu Rana
Author: Sonu Rana
नई दिल्लीः
राजधानी दिल्ली के पुल प्रहलादपुर इलाके में रविवार रात को एक युवक ने अपनी पत्नी को गैस सिलेंडर से वार करके मौत के घाट उतार दिया। आरोपी ने पत्नी के सिर और कमर पर बार-बार सिलेंडर से वार किया, जिससे महिला की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया है। मृतक महिला की पहचान पूनम के रूप में हुई है और आरोपी की पहचान सुरेश के रूप में हुई है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
जानकारी के अनुसार, दंपती प्रहलादपुर इलाके के डीडीए आवास में करीब एक महीना पहले ही रहने आए थे। उनकी डेढ़ वर्ष की एक मासूम बेटी है, जो इस वक्त पड़ोसियों के पास है।

पत्नी पर करता था शक
पड़ोसियों ने बताया कि आरोपी सुरेश अपनी पत्नी पूनम पर शक करता था। इसी शक के चलते उसने पत्नी की निर्मम हत्या कर दी। रात करीब 9.30 बजे पड़ोसियों को महिला की चीख-पुकार सुनाई दी। पूनम जोर-जोर से चिल्ला रही थीं। पड़ोसी जब पहली मंजिल पर पहुंचे तो दरवाजे पर कुंडी लगी हुई थी। मकान मालिक को बुलाकर दरवाजा खुलवाया गया। अंदर जाकर देखा तो पूनम की लाश जमीन पर पड़ी थी। उसके पास गैस सिलेंडर भी पड़ा हुआ था। आरोपी सुरेश वहीं मौजूद था और अपनी डेढ़ साल की बेटी को गोद में लेकर बैठा था। महिला के सिर पर, कमर पर और हाथों पर सिलेंडर से कई बार वार किए गए थे।
पहले नहीं हुई कभी भी लड़ाई
पड़ोसियों का कहना है कि उन्हें पहले कभी इस दंपती के बीच झगड़े की आवाज नहीं सुनाई दी थी। यह पहली बार था जब घर से चीखने-चिल्लाने की आवाज आई। पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और सुरेश को हिरासत में ले लिया। पूनम का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। बच्ची को फिलहाल पड़ोसियों के पास रखा गया है और उसके रिश्तेदारों का इंतजार किया जा रहा है। पुलिस ने मामले में हत्या का केस दर्ज कर लिया है और आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में शक के आधार पर हत्या किए जाने की बात सामने आ रही है। आगे की जांच जारी है।




