Bilkul Sateek News
Reporter: Sonu Rana
Author: Sonu Rana
नई दिल्लीः
उत्तम नगर में होली के दिन पानी के गुब्बारे से शुरू हुए मामले में पैदा हुए सांप्रदायिक तनाव के बाद द्वारका पुलिस अब फूक-फूककर कदम रख रही है। उसी तरह से डाबरी थाना इलाके के मधु विहार के राजापुरी इलाके में रविवार रात हुई चाकूबाजी की घटना को कुछ लोग सांप्रदायिक रंग देने की कोशिश कर रहे हैं। इस घटना में चार लोगों को चाकू से घायल किया गया, जिनमें से एक की मौत हो गई, जबकि तीन इलाज चल रहा है।
द्वारका जिले के डीसीपी ने सूचना जारी करते हुए स्पष्ट किया कि इस मामले को किसी भी सांप्रदायिक रंग में रंगने की कोशिश न की जाए। पुलिस ने कहा कि सभी चार पीड़ित दो अलग-अलग समुदायों से हैं। वहीं आरोप है कि दो आरोपियों ने इन चारों को चाकू मारकर घायल किया।

डीसीपी बोले-सांप्रदायिक रंग देने की हो रही कोशिश
डीसीपी द्वारका कुशल पाल सिंह ने संदेश में कहा कि मधु विहार में कल रात हुई घटना को कुछ लोग सोशल मीडिया और विभिन्न व्हाट्सएप ग्रुप्स में सांप्रदायिक रंग देने की कोशिश कर रहे हैं। पुलिस की टीम मामले की जांच कर रही है। आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी तलाश जारी है।
झूठी जानकारी फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई
पुलिस ने साफ चेतावनी दी है कि झूठी और भड़काऊ जानकारी फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जांच आगे बढ़ने पर सही तथ्य जनता के साथ साझा किए जाएंगे। पुलिस सूत्रों के अनुसार, घटना में शामिल दोनों आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है। उत्तम नगर कांड के बाद पुलिस किसी भी तरह का रिस्क लेने से बच रही है और सांप्रदायिक सद्भाव बनाए रखने के लिए सतर्कता बरत रही है।




