Bilkul Sateek News
Reporter: Sonu Rana
Author: Sonu Rana
नई दिल्ली।
2 अप्रैल को हनुमान जयंती के मौके पर दिल्ली के जहांगीरपुरी इलाके में शोभा यात्रा निकाली जाएगी, लेकिन इसमें 500 से ज्यादा लोग शामिल नहीं हो सकेंगे। वर्ष 2022 की तरह हिंसा न हो, इसलिए पुलिस अत्यधिक सतर्कता बरत रही है। चार साल पहले 16 अप्रैल 2022 को ठीक इसी इलाके में हनुमान जयंती शोभा यात्रा के दौरान हुई हिंसा में पथराव, आगजनी और गोलीबारी हुई थी, जिसमें पुलिसकर्मी समेत कई लोग घायल हुए थे। उस घटना के बाद जहांगीरपुरी को साम्प्रदायिक दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्र घोषित किया गया था। अब पुलिस ने पिछले अनुभव को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं, ताकि कोई अप्रिय घटना न हो।
उत्तर-पश्चिम जिला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस बार शोभा यात्रा पुलिस द्वारा तय किए गए रूट पर ही निकाली जाएगी। साथ ही पुलिस ने पर्याप्त बल भी तैनात किया है। आसपास के थानों से अतिरिक्त जवान बुलाए गए हैं। बैरिकेडिंग, पेट्रोलिंग और ड्रोन व सीसीटीवी से रीयल-टाइम निगरानी की जा रही है। ट्रैफिक डायवर्जन भी किया जाएगा ताकि लोगों को परेशानी न हो।
उत्तर पश्चिमी जिले की डीसीपी आकांक्षा यादव ने कहा कि त्योहार शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण तरीके से मनाया जाए, यही लक्ष्य है। लोगों से अपील है कि पुलिस के निर्देशों का पालन करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना दें।

यह हुआ था चार वर्ष पहले
16 अप्रैल 2022 को हनुमान जयंती पर जहांगीरपुरी के सी ब्लॉक में शोभा यात्रा निकाली जा रही थी। यात्रा एक मस्जिद के पास पहुंची तो पथराव शुरू हो गया। झड़प हुई, गोलियां चलीं और आग लगाई गई। पुलिस पर हमला हुआ, जिसमें कई जवान घायल हुए। घटना के बाद दिल्ली पुलिस ने कई लोगों को गिरफ्तार किया था। उस समय की हिंसा ने पूरे इलाके में तनाव पैदा कर दिया था।
नहीं ले जा सकेंगे कोई हथियार
-शोभा यात्रा में अधिकतम 500 लोगों की ही अनुमति।
-कोई पशु, हथियार, लाठी या खतरनाक वस्तु नहीं ले जा सकेंगे।
-भड़काऊ नारे, भाषण या साम्प्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाली कोई गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
-लाउडस्पीकर का इस्तेमाल सिर्फ निर्धारित समय और वॉल्यूम पर।




