Bilkul Sateek News
Reporter: Sonu Rana
Author: Sonu Rana
नई दिल्ली।
दिल्ली पुलिस की आउटर डिस्ट्रिक्ट के निहाल विहार थाने की टीम ने डिलीवरी बॉय से लूट के मामले को सुलझाते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की पहचान निलोठी एक्सटेंशन के रवि उर्फ कुनाल उर्फ कबीरा और रविंदर उर्फ रवि के रूप में हुई है। उनके कब्जे से लूट में इस्तेमाल हुई एक होंडा एक्टिवा स्कूटी और एक कटर भी बरामद कर लिया गया है। दोनों आरोपी पहले भी कई आपराधिक मामलों में शामिल रह चुके हैं।

आउटर डिस्ट्रिक्ट डीसीपी विक्रम सिंह ने बताया कि जीप्टो कंपनी का डिलीवरी बॉय कुनाल अपने दोस्त के साथ नीलोठी एक्सटेंशन से रंजीत नगर डिलीवरी के लिए जा रहा था। रास्ते में नीलोठी एक्सटेंशन के पास दो युवक स्कूटी पर सवार होकर आए और ब्लेड मारने की धमकी देकर उसके जेब से 1500 रुपये नकदी, मोबाइल और आधार कार्ड लूटकर वीर बाजार रोड, संगम वाटिका की तरफ फरार हो गए। इस मामले में निहाल विहार थाने में केस दर्ज किया गया।
पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और स्थानीय खुफिया जानकारी जुटाई। इसी बीच टीम को सूचना मिली कि आरोपी भरत नगर में छिपे हुए हैं। टीम ने तुरंत छापा मारा और दोनों आरोपियों को मौके पर ही दबोच लिया।
दोनों नीलोठी एक्सटेंशन के रहने वाले हैं। उनके कब्जे से लूट में इस्तेमाल हुई होंडा एक्टिवा स्कूटी और कटर बरामद किया गया। जांच के दौरान पता लगा कि आरोपी कुनाल पहले पांच और रविंद्र चार आपराधिक मामलों में शामिल रहा है। उनके पास से स्कूटी व अन्य सामान बरामद हुआ है।




