Bilkul Sateek News
Reporter: Sonu Rana
Author: Sonu Rana
गुड़गांव।
एक तिमाही की फीस में तो मैंने नर्सरी से लेकर पोस्ट-ग्रेजुएशन तक की पढ़ाई कर ली थी। यह कमेंट गुड़गांव की एक महिला उद्यमी की लिंक्डइन प्रोफाइल पर बच्चे की फीस को लेकर किए गए पोस्ट पर एक व्यक्ति ने किया है। एेसे ही कई सारे कमेंट पोस्ट पर किए जा रहे हैं और वह अब काफी वायरल हो गई है।
दरअसल, गुड़गांव की एक कंपनी की फाउंडर पूजा ने लिंक्डइन पर पोस्ट करते हुए बताया कि उनके बेटे की नर्सरी की तिमाही फीस 1.24 लाख रुपये है। जुलाई-सितंबर, अक्टूबर-दिसंबर और जनवरी-मार्च की तीन तिमाहियों को जोड़ दें तो सालाना खर्च लगभग 3.74 लाख रुपये हो जाता है। पोस्ट में उन्होंने हल्के-फुल्के अंदाज में लिखा कि यह स्क्रीनशॉट कोई मजाक नहीं है। इन पैसों को एसआईपी में लगा दें तो बच्चे की ग्रेजुएशन तक का खर्च निकल आएगा।
पोस्ट वायरल होते ही सोशल मीडिया पर अभिभावकों ने कमेंट करने शुरू कर दिए। एक यूजर ने लिखा, इस एक तिमाही की फीस में तो मैंने नर्सरी से पूरी ग्रेजुएशन और पोस्ट-ग्रेजुएशन तक की पढ़ाई पूरी कर ली थी।’ दूसरे ने कहा, ‘नर्सरी में इतना खर्च? अब तो अच्छी शिक्षा लग्जरी बन गई है।’ कई अभिभावकों ने होमस्कूलिंग का सुझाव देते हुए कहा कि इतने पैसे बैंक में लगाकर बच्चे का भविष्य सुरक्षित करना ज्यादा समझदारी भरा कदम होगा।

माता-पिता दिखे नाराज
गुड़गांव और दिल्ली-एनसीआर के माता-पिता इस फीस के स्क्रीनशॉट से काफी नाराज नजर आए। उन्होंने कहा कि प्राइवेट स्कूलों की फीस हर साल आसमान छू रही है, लेकिन शिक्षा की गुणवत्ता में उतना सुधार नहीं दिख रहा है। कई लोगों ने सरकार से फीस रेगुलेशन की मांग की है। वहीं कुछ का मानना है कि गुड़गांव जैसे महंगे शहर में इंफ्रास्ट्रक्चर और बेहतर सुविधाओं के कारण फीस ज्यादा होना स्वाभाविक है।




