Bilkul Sateek News
Reporter: Sonu Rana
Author: Sonu Rana
नई दिल्लीः
वजीरपुर इंडस्ट्रियल एरिया के एक कोचिंग संस्थान को बम से उड़ाने की धमकी देकर 21 लाख रुपये की रंगदारी मांगने वाले आरोपी को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान बिहार के मधुबनी के बच्चू झा के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को 18 घंटे में करीब 2800 किलोमीटर की दूरी तय कर दबोचा है। आरोपी पहले भी एेसी धमकी दे चुका है। आरोपी पर पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, पुलिस को ब्लास्ट की धमकी देकर पैसों की मांग की गई थी। धमकी मिलते ही अशोक विहार थाने की टीम ने काम शुरू कर दिया। तकनीकी निगरानी, इंटर-स्टेट समन्वय और खुफिया जानकारी के आधार पर आरोपी का पता लगाया गया और 2800 किमी की चेज के बाद उसे महाराष्ट्र के नासिक से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि 2 अप्रैल को कोचिंग संस्थान के मैनेजर को एक धमकी भरा कॉल आया। कॉलर ने खुद को नोएडा का बब्ला गुर्जर बताते हुए 21 लाख रुपये की मांग की और पैसे न देने पर संस्थान को बम से उड़ाने की धमकी दी।
अशोक विहार थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने सीडीआर विश्लेषण, सब्सक्राइबर डिटेल्स और डिजिटल फुटप्रिंट ट्रैकिंग के जरिए आरोपी की लोकेशन नासिक में ट्रेस की। इसके बाद हाई रिस्क इंटर-स्टेट ऑपरेशन शुरू किया गया। टीम ने बिना रुके 2800 किमी दूर पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। जांच क् दैरान पता लगा कि आरोपी हरियाणा व बिहार के मेडिकल कॉलेजों में एप्लाइड मैथेमेटिक्स पढ़ा चुका है। वह छत्तीसगढ़ के पूर्व विधायक व पटना हाई कोर्ट के अधिवक्ता से भी वसूली कर चुका है।




