Bilkul Sateek News
Reporter: Sonu Rana
Author: Sonu Rana
गुड़गांव।
गुड़गांव के मानेसर के आईएमटी इलाके में गुरुवार को हड़ताली कर्मचारियों पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। धारा 163 लागू होने के बावजूद मजदूर फैक्ट्री गेट के बाहर इकट्ठा थे। पुलिस के लाठीचार्ज के बाद इलाके में भगदड़ मच गई। होंडा कंपनी के बाद अब आधा दर्जन से ज्यादा कंपनियों के कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर हड़ताल पर बैठे हैं। कर्मचारी काम पर लौटने के लिए तैयार नहीं थे। जब उन्हें फैक्ट्री गेट के पास इकट्ठा होने से रोका गया तो पुलिस और मजदूरों के बीच नोकझोंक शुरू हो गई।

पुलिस ने बताया कि धारा 163 के तहत पांच या इससे अधिक लोगों के इकट्ठा होने पर प्रतिबंध है। इसके बावजूद कर्मचारी इकट्ठा हो रहे थे, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें खदेड़ने के लिए लाठीचार्ज किया। लाठीचार्ज में कई कर्मचारी घायल हो गए। हड़ताली कर्मचारियों में महिलाएं भी शामिल थीं।
मजदूरों ने आरोप लगाया कि पुलिस प्रबंधन की तरफदारी कर रही है। यह उनकी हक की लड़ाई है, प्रबंधन और मजदूरों के बीच का मामला है। पुलिस को बीच में नहीं आना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि उनकी मांगें पूरी होने तक वे काम पर नहीं लौटेंगे। कर्मचारियों ने आरोप लगाया है कि पुलिस उन्हें जान से मारने की धमकी दे रही है।
वहीं प्रशासन का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए धारा 163 लगाई गई थी। किसी भी तरह के धरना-प्रदर्शन की अनुमति नहीं है। स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।
पुलिस की बाइक में आग लगाई
इस दौरान गुस्साए कर्मचारियों में से किसी ने पुलिस की बाइक में आग लग गई। जिससे आग धू धू कर जलने लगी। पुलिस कर्मियों ने दमकल विभाग की टीम को सूचित किया। इसके साथ ही एक गाड़ी को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया।




