Bilkul Sateek News
Reporter: Sonu Rana
Author: Sonu Rana
गुड़गांव।
सीबीएसई की 10वीं कक्षा का रिजल्ट जारी होने के कुछ ही घंटे बाद गुड़गांव में एक छात्र ने फंदा लगाकर जान दे दी। बच्चे के दसवीं कक्षा में कम नंबर आए थे, जिसकी वजह से इस कदम के उठाए जाने की संभावना जताई जा रही है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार, छात्र अपने माता पिता के साथ गुड़गांव में ही रहता था और अपने घर के पास के सीनियर सेकंडरी स्कूल में पढ़ता था। जब रिजल्ट जारी हुआ तो पता चला कि उसके अंक उतने नहीं आए, जितने आने चाहिए थे। इसके बाद वह पहली मंजिल पर बने कमरे में चला गया। यहां पर उसने अपनी मां की साड़ी का फंदा बनाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली।
परिजन जब बेटे के कमरे में गए तो कमरा अंदर से बंद था। जब कोई भी आवाज नहीं आई तो कमरे का दरवाजा तोड़ा गया। इस दौरान बेटा फंदा पर लटका मिला।
वहीं छात्र के परिजन का कहना है कि उसके पेपर जिस तरह के हुए थे उस तरह का रिजल्ट नहीं आया। इससे वह परेशान हो गया था। आशंका जताई जा रही है कि आत्महत्या के पीछे यही राज था, लेकिन सच्चाई क्या थी पुलिस उसकी जांच कर रही है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए शवगृह भिजवा दिया है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।




