Bilkul Sateek News
Reporter: Sonu Rana
Author: Sonu Rana
गुड़गांव
गुड़गांव से जुड़ी 30 वर्षीय मशहूर हरियाणवी एक्ट्रेस दिव्यांका सिरोही को मंगलवार रात गाजियाबाद स्थित उनके घर पर कथित रूप से अचानक दिल का दौरा पड़ा। वह चक्कर खाकर जमीन पर गिर पड़ीं और सिर में अंदरूनी चोट लग गई। घर पर उस वक्त उनके भाई हिमांशु ही थे। जब छोटे भाई दीपांशु उनके पास पहुंचे तो दिव्यांका बेहोश पड़ी थीं और उनका शरीर ठंडा पड़ चुका था। परिजन उन्हें अस्पताल नहीं लेकर गए, क्योंकि परिजन के अनुसार उसकी वहीं पर मौत हो चुकी थी। नतीजा यह हुआ कि मौत के बाद पोस्टमॉर्टम नहीं हो सका। पोस्टमॉर्टम न होने की वजह से कई लोग सवाल उठा रहे हैं। लेकिन परिवार साफ कह रहा है कि यह अचानक हार्ट अटैक का मामला था। कोई शक या संदेह वाली बात नहीं है। वे शांति से अंतिम संस्कार करके आगे बढ़ना चाहते हैं।

दिव्यांका के भाई दीपांशु के अनुसार, दिव्यांका उस रात अपने कमरे में ही थीं। पहले उन्हें अटैक आया और वह नीचे गिर गईं। सिर की चोट से ही उनकी मौत हो गई। परिवार का कहना है कि दिव्यांका को पहले कभी भी ऐसा अटैक नहीं आया था। स्ट्रेस या काम की वजह से कोई बातचीत भी नहीं हुई थी। वह पहले गुड़गांव में रहती थी लेकिन कुछ महीनों से परिवार के साथ ही रह रही थी। वे किसी पर आरोप नहीं लगाना चाहते और न ही इस मामले में ज्यादा कुछ कहना चाहते हैं। परिवार ने बताया कि जब तक वे दिव्यांका के पास पहुंचे, तब तक बहुत देर हो चुकी थी। शरीर मिट्टी जैसा हो चुका था, इसलिए अस्पताल ले जाने का फैसला नहीं किया गया। डॉक्टरों तक पहुंचने से पहले ही सब कुछ खत्म हो गया। बुधवार सुबह गाजियाबाद में उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया।
इंडस्ट्री मं शोक
हरियाणवी इंडस्ट्री में इस खबर से शोक की लहर दौड़ गई है। कई कलाकारों ने सोशल मीडिया पर दिव्यांका को श्रद्धांजलि दी। फैंस भी सदमे में हैं। दिव्यांका की उम्र सिर्फ 30 साल थी। वे युवा थीं और एनर्जी से भरी थीं। इतनी जल्दी चली जाना किसी को भी यकीन नहीं हो रहा।
लाखों युवा मानते थे आइडल
दिव्यांका का सफर टिकटॉक से शुरू हुआ। छोटे-छोटे वीडियो से लोग उन्हें पहचानने लगे। फिर हरियाणवी गानों में काम मिला। मासूम शर्मा जैसे कलाकारों के साथ उन्होंने कई हिट गाने किए। उनकी हर वीडियो में डांस और एक्टिंग की धमक दिखती थी। लाखों युवा उन्हें अपना आइडल मानते थे। अब उनकी कमी पूरी इंडस्ट्री महसूस कर रही है। परिवार अभी सदमे में है।
बहुत अच्छी बहन थी….
पिता गजेंद्र ट्रांसपोर्ट का काम करते हैं, मां अनीता घर संभालती हैं। परिवार में दो भाई हिमांशु, दीपांशु और बहन जसमीत हैं। दीपांशु ने कहा कि वे इस बारे में ज्यादा बात नहीं करना चाहते। बस इतना कहना चाहते हैं कि दिव्यांका बहुत अच्छी बहन थीं।
सपने को किया था साकार
दिव्यांका सिरोही ने 50 से ज्यादा हरियाणवी गानों में काम किया था। टिकटॉक से शुरू करके इंस्टाग्राम पर उन्होंने 13 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स बना लिए थे। उनकी मुस्कान और एनर्जी से भरपूर डांस लोगों को बहुत पसंद था। मेरठ की चौधरी चरण सिंह यूनिवर्सिटी से बीकॉम, सिक्किम से एमबीए और गुड़गांव से बीएड की पढ़ाई करने वाली दिव्यांका पढ़ाई में अच्छी थीं, लेकिन उनका सपना था एक्टिंग और डांस का। उसी को उन्होंने पूरा किया था।
काम को लेकर परेशान थी…
सोशल मीडिया पर कई जगह यह भी दावा किया जा रहा है कि सिरोही काम न मिलने को लेकर परेशान रहती थी। इस वजह से वह गुड़गांव छोड़कर गाजियाबाद चली गई थी। उन्होंने काफी लोगों से काम मांगा था, लेकिन काम नहीं मिला था। हालांकि परिवार ने इस तरह के सभी आरोपों से इनकार किया है।




