Bilkul Sateek News
Reporter: Sonu Rana
Author: Sonu Rana
नई दिल्ली।
पश्चिमी दिल्ली के पंजाबी बाग के पास के शकूरबस्ती इलाके में शनिवार रात करीब 11:10 बजे अचानक लगी आग ने 100 से ज्यादा झुग्गियों को जला दिया। आग इतनी तेज फैली कि लोगों को कुछ समझ में आने से पहले ही उनके घर-बार और सारा सामान राख हो गया। गनीमत रही कि इस हादसे में किसी की जान नहीं गई और न ही कोई घायल हुआ। दमकल विभाग की 16 से ज्यादा गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पाया गया। पंजाबी बाग थाना पुलिस मामले में आग लगने के कारण की जांच कर रही है। वहीं इलाके के लोगों ने दमकल कर्मियों के देरी से आने का आरोप भी लगाया है।

जानकारी के अनुसार, पंजाबी बाग थाना इलाके के शकूरबस्ती में सीमेंट साइडिंग के पीछे रेनबसेरा के पास झुग्गी बस्ती में शुक्रवार रात आग लगी। आग लगते ही लोग अपनी झुग्गियों से बाहर भागने लगे। कोई अपने सामान को लेकर भाग रहा था तो कोई बच्चों को। कोई कुत्ते बिल्लियों को लेकर सुरक्षित स्थान पर जा रहा था तो कोई अपने पालतु पशुओं को लेकर बाहर जा रहा था। वहां के लोगों का कहना है कि आग देखते-ही-देखते पूरे इलाके में फैल गई और लपटें इतनी ऊंची उठीं कि आसपास का माहौल दहल गया। कई गरीब परिवारों का सब कुछ जलकर खाक हो गया। लोग रोते-चिल्लाते अपने सामान बचाने की कोशिश करते रहे, लेकिन आग बहुत तेज थी।
दमकल विभाग की टीमें पहुंची और राहत व बचाव कार्य शुरू किया। 16 से ज्यादा गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पाया गया। बताया जा रहा है कि झुग्गियों के जलने की संख्या 100 से काफी ज्यादा है। हालांकि आधिकारिक रूप से इसकी पुष्टि नहीं की गई है। वहीं इलाके के लोगों ने बताया कि दमकल विभाग व पुलिस कर्मी काफी देर से पहुंचे। तब तक सब कुछ जल चुका था।
रोहिणी में भी लगी थी आग
इसी महीने रोहिणी इलाके में भी झुग्गियों में रात के समय आग लग गई थी। उस दौरान आग इस कदर भड़की की एक परिवारों के तीन लोगों को लील लिया था। इनमें माता-पिता और दो वर्ष की एक छोटी बच्ची शामिल थी। बता दें कि हर वर्ष दिल्ली में आगजनी से लोगों की जान जाती है।
खुले आसमान के नीचे आए परिवार
पीड़ित लोगों ने बताया कि कई परिवार अब खुले आसमान के नीचे आ गए हैं। उनके पास न रहने को जगह बची है और न ही खाने-पीने का सामान। एक युवक ने बताया कि वह मैं काम से बाहर गए थे, लौटा तो देखा कि उनका सब कुछ जल चुका है। अब क्या करें, कहां जाएं, कुछ समझ नहीं आ रहा।
सीमेंट साइडिंग झुग्गियों में आग की सूचना रात 11:10 बजे मिली। दमकल गाड़ियों ने आग को काबू में कर लिया है। किसी के घायल होने या जान जाने की कोई खबर नहीं है। आग लगने के असली कारण की जांच की जा रही है। पुलिस और दमकल कर्मियों ने मिलकर राहत कार्य चलाया। प्रभावित परिवारों को तत्काल मदद पहुंचाने के प्रयास शुरू कर दिए गए हैं। फिलहाल आग पूरी तरह बुझा दी गई है।
दाराडे शरद भास्कर, डीसीपी, पश्चिमी जिला पुलिस




