Bilkul Sateek News
Reporter: Sonu Rana
Author: Sonu Rana
नई दिल्ली।
दिल्ली के मजलिस पार्क मेट्रो स्टेशन के पास वजीराबाद जाने वाले मुकुंदपुर फ्लाईओवर की दीवार से एक तेज रफ्तार बाइक टकरा गई। रविवार रात 9 बजे हुए हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। युवकों की पहचान बुराड़ी के संगम विहार के सैफ अली और बवाना जेजे कॉलोनी के शाहिद के रूप में हुई है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिए हैं। भलस्वा थाना पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि भलस्वा थाना पुलिस को सूचना मिली कि वजीराबाद जाने वाले मुकुंदपुर फ्लाईओवर पर एक बाइक का एक्सीडेंट हो गया है और दो युवक बेहोश हो गए हैं। पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे। वहां एक सफेद रंग की बाइक नाले के किनारे खड़ी मिली। आसपास के लोगों ने बताया कि दो घायल युवकों को पहले ही अस्पताल पहुंचा दिया गया है। पुलिस जब बाबू जगजीवन राम अस्पताल पहुंची तो पता चला कि दोनों युवकों की मौत हो गई है। पुलिस ने दोनों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया है। पुलिस केस दर्ज कर मामले में आगे की जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि इस दौरान बाइक पर एक और युवक था जो नाले में गिर गया था, हालांकि पुलिस ने फिलहाल किसी भी चश्मदीद के सामने न आने की बात कही है।




