Bilkul Sateek News
Reporter: Sonu Rana
Author: Sonu Rana
गुड़गांव।
गुड़गांव के पटौदी थाना इलाके के रामपुरा गांव में मंगलवार को पुलिस ने कुख्यात अपराधी कृष्ण की दो मंजिला इमारत को जमीन में मिला दिया। फर्रुखनगर क्राइम ब्रांच की ओर से इस हिस्ट्रीशीटर बदमाश की अवैध प्रॉपर्टी पर कार्रवाई की गई है। यह अपराधियों के आर्थिक नेटवर्क को तोड़ने की मुहिम का ही हिस्सा है। बता दें कि पुलिस की ओर से अब तक 20 से ज्यादा अपराधियों की अवैध संपत्ति पर बुलडोजर चलाया जा चुका है।

अपराधियों के आर्थिक नेटवर्क को तोड़ने की मुहिम के तहत पुलिस ने एक बार फिर कुख्यात अपराधी की अवैध संपत्ति पर एक्शन लिया है। पटौदी थाना क्षेत्र के रामपुरा में मंगलवार सुबह अपराधी कृष्ण की दो मंजिला अवैध इमारत को बुलडोजर से तोड़ दिया। इस दौरान भारी संख्या में पुलिस कर्मी मौजूद रहे। ताकी कोई भी क्राइम ब्रांच की ओर से की गई इस कार्रवाई में बाधा उत्पन्न न करे। पुलिस अधिकारी ने बताया कि कृष्ण एक आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ एक दर्जन से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज हैं।
नियमों को ताक पर रखकर किया था निर्माण
जांच में पता चला कि उसने अवैध तरीके से कमाए पैसे से नियमों को ताक पर रखकर दो मंजिला मकान बनाया था। जिला प्रशासन को जब इसकी जानकारी मिली तो इस अवैध निर्माण को गिराने का आदेश दे दिया। यह कार्रवाई अपराधियों के आर्थिक स्रोतों को खत्म करने की बड़ी मुहिम का हिस्सा है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अब तक गुड़गांव में 20 से ज्यादा अपराधियों की अवैध प्रॉपर्टी पर बुलडोजर चलाया जा चुका है। इसी महीने पुलिस ने कुख्यात गैंगस्टर कौशल चौधरी की 50 करोड़ रुपये से ज्यादा कीमत वाली जमीन भी खाली कराई थी।




