Bilkul Sateek News
Reporter: Sonu Rana
Author: Sonu Rana
नई दिल्ली।
दिल्ली के नॉर्थ वेस्ट जिले में पुलिस अपराध व अपराधियों पर नकेल कसने की भरपूर कोशिश कर रही है। इसी कड़ी में पुलिस ने 29 अप्रैल तक नशा, अवैध शराब, हथियार और जुए के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। इस कार्रवाई में अलग अलग गिरोह के सैकड़ों लोगों को गिरफ्तार कर उनके पास से भारी मात्रा में नशा-शराब और हथियार बरामद किए गए हैं।

नॉर्थ वेस्ट जिले की डीसीपी अकांक्षा यादव ने बताया कि अपराधियों पर नकेल कसते हुए जिले की अलग-अलग थाना पुलिस ने कार्रवाई की है। इस दौरान कई लोगों को गिरफ्तार कर उनके पास से नशा बरामद किया गया है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने एनडीपीएस कानून के तहत 68 मामलों में 76 नशा तस्करों को पकड़ा। उनके पास से 102 किलो से ज्यादा गांजा, 54 ग्राम स्मैक, पोस्ता भूसी, कोकीन आदि बरामद हुआ। भविष्य में भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।
181 शराब तस्कर गिरफ्तार
पुलिस अधिकारी ने बताया कि आबकारी कानून के तहत 177 मामलों में 181 शराब तस्कर गिरफ्तार हुए। पुलिस ने उनके पास से 7901 लीटर अवैध शराब, 150 बीयर की बोतलें और 7 वाहन जब्त कर लिए। ये शराब पड़ोसी राज्यों से लाकर यहां बेची जा रही थी।
हथियार तस्करी पर कसी नकेल
इस दौरान हथियारों की तस्करी पर भी नकेल कसी गई। 116 मामलों में 126 लोगों को पकड़ा गया। इनके कब्जे से 21 पिस्टल, 39 कारतूस, 99 चाकू-छुरे और 15 चोरी के वाहन बरामद हुए।
197 जुआरियों को किया गिरफ्तार
इस दौरान जुए के धंधे पर भी चोट पड़ी। 123 मामलों में 197 जुआरियों को गिरफ्तार किया गया। उनके पास से 5.37 लाख रुपये नकदी और जुए का सामान जब्त हुआ।
63 लीटर शराब जब्त
पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत पिछले दो दिनों में भी छापेमारी की। लाल बाग, गुड़ मंडी, महेंद्र पार्क और वजीरपुर जेजे कॉलोनी इलाकों में दबिश दी गई। इसमें 63 लीटर शराब, 979 ग्राम गांजा, देसी पिस्टल, कारतूस और चोरी की स्कूटी बरामद हुई। इसके अलावा भी कई और लोगों को हिरासत में लिया गया।




