Bilkul Sateek News
Reporter: Sonu Rana
Author: Sonu Rana
नई दिल्ली।
राजधानी दिल्ली में नौकरों पर लोगों का भरोसा कम होता जा रहा है। कभी कोई नौकर चोरी कर भाग जाता है तो कभी कोई नौकर हत्या तक कर देता है। दिल्ली के भारत नगर थाने के संगम पार्क इलाके में इसी तरह एक 75 साल की बुजुर्ग महिला के घर से सोने और हीरे के गहने चोरी कर लिए गए। यह गहने घर में काम करने वाली नौकरानी ने ही चोरी किए थे। भारत नगर थाना पुलिस ने इस मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान कबीर नगर की आरती चौहान के रूप में हुई है। उससे गहने भी बरामद हुए हैं। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।

नॉर्थ वेस्ट डीसीपी अकांक्षा यादव ने बताया कि राणा प्रताप बाग में रहने वाली 75 वर्षीय उर्मिला जैन के घर से सोने के ब्रेसलेट, कड़े, चूड़ियां, चेन, अंगूठियां, ईयर टॉप्स, डायमंड ईयर टॉप्स, पेंडेंट और नथ चोरी हो गई थी। शिकायत मिलते ही भारत नगर थाना पुलिस ने जांच शुरू की। जांच में घर में काम करने वाली 23 वर्षीय आरती चौहान पर शक गया।
पुलिस टीम ने आरती को पकड़कर पूछताछ की तो उसने अपना जुर्म कबूल लिया। पुलिस ने उसके पास से चोरी का पूरा माल बरामद कर लिया। इसमें 1 सोने का ब्रेसलेट, 2 सोने के कड़े, 4 सोने की चूड़ियां, 4 सोने की चेन, 4 सोने की अंगूठियां, 1 जोड़ी सोने के ईयर टॉप्स, 1 जोड़ी डायमंड ईयर टॉप्स, 2 पत्थरों वाले सोने के पेंडेंट और 1 सोने की नथ शामिल है।
आरती ने पुलिस को बताया कि वह आसानी से पैसा कमाने के चक्कर में यह चोरी करने की सोच बैठी। पुलिस पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी पहले भी कहीं चोरी तो नहीं कर चुकी है।




