Bilkul Sateek News
Reporter: Sonu Rana
Author: Sonu Rana
नई दिल्ली।
दिल्ली के उत्तम नगर में पिछले वर्ष हुए डबल मर्डर मामले के मुख्य आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान उत्तम नगर की काली बस्ती के आकाश उर्फ अक्की के रूप में हुई है। द्वारका जिले की स्पेशल स्टाफ टीम ने आरोपी को राजस्थान से दबोचा। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

द्वारका जिले के डीसीपी कुशल पाल सिंह ने बताया कि 21 दिसंबर 2025 को उत्तम नगर के काली बस्ती इलाके में रंजिश के चलते दो युवकों की चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी। मारे गए युवकों के नाम निजामुद्दीन और मोहम्मद समीर था। इस मामले में पहले आरोपी सुमित और निखिल को गिरफ्तार कर लिया गया था, लेकिन आकाश उर्फ अक्की पुलिस से बचता फिर रहा था।
स्पेशल स्टाफ की टीम लगातार आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी। टेक्निकल निगरानी और गुप्त सूचना के आधार पर टीम को पता चला कि आकाश राजस्थान के ब्यावर में छिपा हुआ है। टीम जानकारी के आधार पर ब्यावर पहुंची और वहां से आकाश उर्फ अक्की को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि रंजिशन उसने अपने साथियों के साथ दोनों युवकों की चाकू से हत्या कर दी थी। हत्या के बाद वह दिल्ली से भागकर ब्यावर में अपने दोस्त पुनीत के यहां छिपकर रह रहा था। पुलिस से बचने के लिए वह अलग-अलग सिम से फोन पर बात करता था। आकाश उर्फ अक्की ने सिर्फ पांचवीं तक पढ़ाई की है और पहले एक शराब के मामले में भी उसका नाम आ चुका है। पुलिस अब आरोपी को कोर्ट में पेश कर आगे की कार्रवाई कर रही है।




