Bilkul SateeK News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम जिले के पटौदी क्षेत्र में सोमवार को प्रशासन ने अवैध कॉलोनियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अनधिकृत कॉलोनियों में तोड़फोड़ अभियान चलाया। पुलिस बल की मौजूदगी में हुई इस कार्रवाई के दौरान अवैध प्लॉटिंग, बाउंड्री वॉल, निर्माणाधीन ढांचे और सड़क नेटवर्क को हटाया गया।

प्रशासन के अनुसार, पहली कार्रवाई गांव नरहेड़ा के रेवेन्यू एरिया में की गई। यहां करीब 5 एकड़ जमीन पर विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी को निशाना बनाया गया। मौके पर बने लगभग 30 प्लॉटों की डीपीसी (नींव), करीब 1500 रनिंग मीटर प्रीकास्ट बाउंड्री वॉल और पूरी कच्ची सड़क व्यवस्था को ध्वस्त कर दिया गया।
वहीं दूसरी कार्रवाई गांव जाटौली में की गई, जहां करीब 2.5 एकड़ क्षेत्र में बसाई जा रही अवैध कॉलोनी पर बुलडोजर चलाया गया। यहां 10 प्लॉटों की डीपीसी, एक निर्माणाधीन ढांचे और पूरे कच्चे सड़क नेटवर्क को हटाया गया।
अधिकारियों का कहना है कि अवैध कॉलोनियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और बिना मंजूरी के की जाने वाली प्लॉटिंग या निर्माण गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने लोगों से भी अपील की है कि किसी भी जमीन या प्लॉट की खरीद से पहले उसकी कानूनी स्थिति की पूरी जांच जरूर करें।




