Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम। शहर में अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी नागरिकों की पहचान और सत्यापन के लिए गुरुग्राम पुलिस ने सोमवार रात विशेष अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस टीमों ने झुग्गी-झोपड़ियों, कॉलोनियों, किराये के मकानों, औद्योगिक क्षेत्रों और होटलों में जाकर लोगों के दस्तावेजों की जांच की।

पुलिस के मुताबिक यह अभियान राष्ट्रीय सुरक्षा और कानून व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए चलाया जा रहा है। जिन लोगों के दस्तावेज संदिग्ध पाए जाएंगे या जो भारत में वैध रूप से रहने के पर्याप्त दस्तावेज नहीं दिखा पाएंगे, उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह अभियान पुलिस उपायुक्त (पूर्व) संदीप के नेतृत्व में चलाया गया। पुलिस की कई टीमों ने अलग-अलग इलाकों में पहुंचकर पहचान और निवास संबंधी दस्तावेजों का सत्यापन किया।
गुरुग्राम पुलिस ने आम लोगों से भी सहयोग की अपील की है। पुलिस का कहना है कि यदि किसी क्षेत्र में कोई संदिग्ध या अवैध रूप से रह रहा विदेशी नागरिक दिखाई देता है तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम नंबर 112 या नजदीकी थाने में दी जाए।
साथ ही मकान मालिकों, आरडब्ल्यूए, होटल संचालकों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से अपने किरायेदारों, कर्मचारियों और अन्य लोगों का पुलिस सत्यापन कराने को कहा गया है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि वैध भारतीय नागरिकों और वैध दस्तावेजों के साथ रह रहे विदेशी नागरिकों को परेशान नहीं किया जाएगा। वहीं, अभियान को लेकर सोशल मीडिया पर अफवाह या भ्रामक जानकारी फैलाने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
गुरुग्राम पुलिस का कहना है कि शहर में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।




