Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम में लोगों की सेहत को ध्यान में रखते हुए एक फ्री हेल्थ चेकअप कैंप का आयोजन किया जा रहा है। यह कैंप रविवार, 17 मई 2026 को आर्य समाज मंदिर, 4-8 मरला, गुरुग्राम में लगाया जाएगा। कैंप सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक चलेगा।

इस स्वास्थ्य शिविर का आयोजन पंजाबी बिरादरी महासभा, गुरुग्राम द्वारा समाजसेवी स्वर्गीय सुभाष खरबंदा जी की पुण्य स्मृति में किया जा रहा है। कार्यक्रम का उद्घाटन गुरुग्राम की महापौर श्रीमती राजरानी मल्होत्रा द्वारा किया जाएगा। आयोजकों का कहना है कि कैंप का मकसद ज्यादा से ज्यादा लोगों तक बेसिक हेल्थ सुविधाएं पहुंचाना और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
कैंप में अलग-अलग बीमारियों के विशेषज्ञ डॉक्टर मौजूद रहेंगे। इसमें जनरल फिजिशियन, हड्डी रोग विशेषज्ञ, दंत चिकित्सक, आंखों के डॉक्टर और हार्ट स्पेशलिस्ट लोगों की जांच करेंगे। मरीजों को मुफ्त परामर्श के साथ जरूरी स्वास्थ्य जांच की सुविधा भी दी जाएगी।
शिविर में शामिल होने वाले प्रमुख डॉक्टरों में डॉ. सुभाष खन्ना, डॉ. जॉय चक्रवर्ती, डॉ. विक्रांत खन्ना, डॉ. एनपीएस वर्मा, डॉ. मधुर जैन, डॉ. नीति कुमार खन्ना और डॉ. अन्नू आहूजा समेत कई विशेषज्ञ शामिल रहेंगे।
इस कैंप की खास बात यह भी रहेगी कि यहां लोगों को CPR यानी कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन की ट्रेनिंग दी जाएगी। यह ऐसी इमरजेंसी तकनीक है, जिससे हार्ट अटैक या अचानक बेहोशी की स्थिति में किसी व्यक्ति की जान बचाने में मदद मिल सकती है। आयोजकों का मानना है कि आम लोगों को भी CPR की बेसिक जानकारी जरूर होनी चाहिए।
आयोजकों ने शहरवासियों से अपील की है कि वे ज्यादा से ज्यादा संख्या में कैंप में पहुंचें और अपने परिवार, दोस्तों व आसपास के लोगों को भी इसकी जानकारी दें, ताकि जरूरतमंद लोग इस फ्री हेल्थ कैंप का लाभ उठा सकें।
